स्कूल बस के इंजन में निकला आग का धुंआ: हड़कंप
ढाई दर्जन से अधिक स्कूल बस में सवार नन्हें छात्र बाल-बाल बचे

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा क्षेत्र के जवाहर रोड पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया,जब भरथना से इटावा की ओर छात्रों को लेकर जा रही शुद्धति ग्लोबल स्कूल की बस के इंजन में अचानक आग लग गई। और इंजन से काला धुंआ गुब्बारा बनकर निकलने लगा। बस में करीब ढाई दर्जन से अधिक नन्हें-मुन्ने छात्र सवार थे। आग का काला धुंआ निकलते ही बस में सवार छात्रों में बुरी तरह चीख पुकार के साथ अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही जवाहर रोड मार्ग से आगे बढ़ रही थी, तभी इंजन से अचानक आग के साथ धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते इंजन में आग भड़क उठी। इंजन में आग लगते ही बस चालक और स्कूल स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी छात्रों को सुरक्षित बस से नीचे निकाला जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। हालांकि राहगीर और आसपास के लोगों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई छात्र घायल नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रों के माता-पिता और अभिभावकों ने घटना स्थल पर पहुंच कर अपने बच्चों से सलामती और कुशलता पूछी जिससे उनकी चिंता और आक्रोश देखने को मिला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कूल वाहनों की नियमित जांच होनी चाहिए,ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।



