विद्यार्थी योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाये- प्रो. डी. के. त्रिपाठी
राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

सुल्तानपुर। राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज के बी.एड. विभाग द्वारा पाठ्येतर प्रायोगिक गतिविधियों के अंतर्गत एक दिवसीय योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ से आए योग प्रशिक्षक विक्रम सिंह ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह एक संपूर्ण जीवन पद्धति है जो व्यक्ति के तन, मन और आत्मा को संतुलित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. डी. के. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। योग प्रशिक्षक विक्रम सिंह द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण योगासन जैसे ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। इन योगाभ्यासों के माध्यम से विद्यार्थियों को शारीरिक लचीलापन, मानसिक शांति एवं एकाग्रता के लाभों को बताया गया।
इस अवसर पर शाश्वत सिंह द्वारा योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन भी किया गया, जिसे सभी ने सराहा। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. भारती सिंह ने आभार व्यक्त किया तथा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संतोष अंश द्वारा किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर शांतिलता कुमारी, डॉ. सीमा सिंह, विजय सिंह सहित बी.एड. प्रथम वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन के संकल्प के साथ हुआ।



