रफ्तार का कहर: कार-ट्रैक्टर की भिड़ंत में मजदूर की मौत

दूसरा साथी मजदूर गंभीर घायल

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा क्षेत्र के भरथना-बकेवर मार्ग पर ग्राम कुंवारा स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। एक अनियंत्रित कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में ट्रैक्टर पर सवार मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम लुधियानी निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने 55 वर्षीय बड़े भाई हरबंस कुमार और करीब एक दर्जन मजदूरों के साथ ट्रैक्टर से लेंटर डालने वाली मशीन लेकर भरथना कस्बे की ओर मजदूरी करने जा रहे थे। हरबंस ट्रैक्टर के अगले हिस्से पर बैठे थे, जबकि अन्य मजदूर पीछे मशीन पर सवार थे।

बताया गया है कि ट्रैक्टर सामान्य गति से भरथना की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार टाटा नेक्सॉन कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हरबंस कुमार और उनके साथी सादिक अली गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हरबंस कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सादिक अली की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हरबंस की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गुड्डी देवी, पुत्र दीपक तथा बेटियां सपना, रचना और अनुराधा का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस के अनुसार कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button