खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से युवक घायल

जसवन्तनगर,इटावा। जसवन्तनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात करीब 11 बजे कचौरा घाट मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक ग्राम सलेमपुर के पास सड़क किनारे खड़ी आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गयी जिसमें बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार आगरा जिले के थाना चित्रहाट क्षेत्र के ग्राम रानीपुरा निवासी 23 वर्षीय अमन पुत्र पप्पू अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से जसवंतनगर की ओर आ रहा था। जैसे ही वह सलेमपुर गांव के पास पहुंचा तभी सड़क किनारे खड़ी आलू लदी ट्रॉली से उसकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसा तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ने के कारण हुआ बताया जा रहा है।सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अमन को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी पहुंचाया गया जहाँ पर प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉ.वीरेंद्र सिंह ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
अवैध कट से ट्रैक्टर ने कार में मारी टक्कर, कार में सवार परिवार सहित कई घायल
जसवन्तनगर,इटावा। जसवन्तनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात अवैध कट से निकल रहे ट्रैक्टर ने क्रेटा कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार एक ही परिवार के कई लोग चोटिल हो गए।

थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार हाईवे पर आगरा से इटावा की ओर जाने वाली सड़क पर इटावा की तरफ जा रही एक क्रेटा कार को एक होटल के सामने विपरीत सड़क से अवैध रूप से डिवाइडर पार कर निकल रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार 45 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र केदार सिंह, उनकी पत्नी और बच्चे समेत अन्य लोग चोटिल हो गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष व उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी पुलिस टीम अवनीश कुमार, तरुण कुमार के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार और ट्रैक्टर को हाईवे से हटवाकर किनारे खड़ा कराया। पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।



