जसवंतनगर हाईवे पर हुआ दुखद सड़क हादसा, महिला की मौके पर ही मौत
जसवन्तनगर,इटावा।जसवन्तनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को राष्ट्रीय राजमार्ग पर मॉर्डन तहसील के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर बैठी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर घायल हो गया।
मंगलवार को मैनपुरी जिले के ग्राम नगला देवी निवासी अवधेश अपनी 23 वर्षीय बहन श्रद्धा पत्नी नबाब सिंह निवासी ग्राम विचपुरी थाना वैदपुरा को उसकी ससुराल विचपुरी छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह मॉर्डन तहसील के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचा तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक पर पीछे बैठी श्रद्धा सड़क पर गिर गई ट्रक उसे रौंदते हुए भाग गया।जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई,जबकि भाई अवधेश गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार व शिवशंकर सिंह व एनएचएआई इंसीडेंट मैनेजर सुनीत चौहान एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और घायल अवधेश को इलाज हेतु अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मृतका श्रद्धा के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।घटना की सूचना मिलते ही मृतका का पति व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।



