श्रद्धालुओं से भरी कार खाई में गिरी, महिलाएं-बच्चे घायल
जसवन्तनगर,इटावा। जसवन्तनगर क्षेत्र के प्राचीन ब्रह्माणी देवी मंदिर से मेला देखकर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार को खारजा झाल पुल के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार महिलाएं और बच्चे घायल हो गए।बलरई थाना क्षेत्र के लखेरे कुआं चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र की राजा का बाग चौकी के अंतर्गत ग्राम विक्रमपुर निवासी अनिल चौहान पुत्र नागेंद्र सिंह चौहान अपने परिवार के साथ मंदिर दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
कार में उनकी पत्नी कांति देवी, साली कामिनी, भांजी परी और शालिनी पत्नी दीपक चौहान सवार थीं।बताया गया कि जैसे ही कार मंदिर के पीछे पीहरपुर गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित खारजा झाल पुल के पास पहुंची, सड़क और झाल के किनारे पर बनी खाई में अनियंत्रित होकर पलट गई।गनीमत रही खारजा झाल में पानी कम था वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त कार को खाई से बाहर निकलवाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराया गया।



