सफल जीवन को छात्रों में पढ़ाई का जुनून जरूरी: आरती द्विवेदी

शिवपाल सिंह महाविद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न

जसवंतनगर,इटावा। हाईवे स्थित शिवपाल सिंह महाविद्यालय में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में आयोजित विधिक जागरूकता कार्यक्रम में प्राधिकरण सचिव जज श्रीमती आरती द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार नेहा सचान ने छात्र-छात्राओं को जागरूक सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। मुख्य अतिथियों का स्वागत महाविद्यालय एमडी आशुतोष टोनू यादव ने मोमेंटो,बुके देकर किया।छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।

सचिव जज आरती द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में किसी को भी इतना अपना न समझें कि अपनी हर निजी बात साझा कर दें।सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना बेहद जरूरी है,जिससे किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।सोशल मीडिया से दूरी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि केवल सकारात्मक और ज्ञानवर्धक चीजों को अपनाना चाहिए।

सफल जीवन के लिए छात्रों को केवल पढ़ाई का जुनून होना चाहिए। यह भी बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सभी शिक्षण संस्थानों में पॉश कमेटी का गठन अनिवार्य है,जिससे महिलाओं और छात्राओं की शिकायतों का समाधान हो सके।

सीओ आयुषी सिंह ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं आमजन को उनके विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने और उनसे बचने के उपाय बताए।तहसीलदार नेहा सचान ने कहा कि यह समय अपने सपनों को साकार करने और भविष्य तय करने का है,इसलिए पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें।

इस दौरान पीएलवी ऋषभ पाठक, रामसुन्दर दुबे,कुमारी नीरज,लालमन व राजेन्द्र सिंह ने विभिन्न सरकारी योजनाओं,निःशुल्क कानूनी सहायता,लोक अदालत एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी दी।महाविद्यालय प्राचार्य संजय कुमार,डॉ.खुशबू यादव, कल्यान सिंह समेत समस्त महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button