गर्भवती महिला की संदिग्ध मौत: हत्या का आरोप
नगरिया सरावा में मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगरिया सरावा में बीते शुक्रवार शाम एक गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को लेकर मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्राम नगरिया सरावा निवासी 22 वर्षीय कविता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ससुरालीजन अचेत हालत में कविता को इलाज के लिए अस्पताल ले गए,जहां उसकी मौत हो गई। फिर वे कविता के शव घर ले गए। जिसके बाद मृतका के मायके वालो को सूचना दी।
घटना की सूचना पर कविता के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की। मृतका की बहन कांति ने बताया कि कविता की शादी नगरिया सरावा के एक युवक से हुई थी।वह करीब दो माह की गर्भवती थी। कविता और युवक की पहचान सोशल मीडिया से हुई थी, जिसके बाद दोनों ने घर वालों की मर्जी से शादी की थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि कविता की हत्या की गई है। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



