हाथ पैरों में झनझनाहट और सुन्नपन, जानें किस बड़ी बीमारी के हैं संकेत
Hand Feet Get Numb: अचानक हाथ-पैर का सुन्न होना सामान्य समस्याएं हैं। जानिए इनके कारण, लक्षण और आसान उपाय जो आपकी सेहत बेहतर बनाएंगे।

Hand Feet Get Numb: क्या आपने कभी महसूस किया है कि अचानक आपका हाथ या पैर सुन्न हो गया है या उसमें झनझनाहट महसूस हो रही है? कुछ लोगों को यह अनुभव होता है कि उनका हाथ पकड़ने में कमजोर पड़ गया है या पैरों में भारीपन आने लगा है। ये संकेत सिर्फ असुविधा नहीं बल्कि आपके शरीर की नाड़ियों या रीढ़ की हड्डी में किसी समस्या की शुरुआती चेतावनी हो सकते हैं।
हाथ-पैर सुन्न होने का कारण क्या
कभी-कभी गलत तरीके से बैठना या सोना सिर्फ कुछ मिनटों के लिए हाथ-पैर सुन्न होने का कारण बनता है और यह अपने आप ठीक हो जाता है। लेकिन बार-बार होने, धीरे-धीरे बढ़ने या लंबे समय तक रहने पर इसे हल्के में लेना ठीक नहीं। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका कारण विटामिन बी12 की कमी, डायबिटीज, नसों की कमजोरी, सर्वाइकल स्पॉन्डिलोसिस, स्लिप डिस्क या नसों पर दबाव हो सकता है।
न्यूरोसर्जरी की दृष्टि से गंभीर मामला तब होता है जब स्पाइनल कॉर्ड पर दबाव पड़ रहा हो। ऐसे मरीजों में सिर्फ झनझनाहट नहीं बल्कि हाथ की पकड़ कमजोर होना, लिखने या बटन लगाने में कठिनाई, चलने में असहजता और पैरों में जकड़न जैसे लक्षण भी दिख सकते हैं। कुछ मामलों में पेशाब के नियंत्रण में भी समस्या आ सकती है।
कैसे करवाएं इलाज
डॉक्टर आमतौर पर ब्लड टेस्ट, जैसे विटामिन बी12 और शुगर, और आवश्यकता पड़ने पर एमआरआई या नर्व कंडक्शन स्टडी (NCV) करवाते हैं। इलाज का तरीका कारण पर निर्भर करता है। विटामिन की कमी होने पर दवाइयां मदद करती हैं। यदि नस या स्पाइनल कॉर्ड दब रही हो तो दवा, फिजियोथैरेपी और कुछ मामलों में सर्जरी की सलाह दी जा सकती है।
किसने उड़ाई भारतीयों की नींद, हर दूसरा शख्स इस बीमारी की चपेट में
बार-बार हाथ-पैर का सुन्न होना शरीर का चेतावनी संकेत है। इसे नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सक से संपर्क करें।



