UP Panchayat Chunav 2026: 4 रंगों के बैलेट पेपर से होगा चुनाव, जानें किस पद के लिए कौन सा रंग तय किया प्रशासन ने

UP Panchayat Chunav 2026: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं हुई है और समय को लेकर भी संशय है। बावजूद इसके राज्य के प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को पूरी गति से शुरू कर दिया है। इस दिशा में मतपत्रों की छपाई और जिलों तक उनकी डिलीवरी जारी है। पंचायत चुनाव में ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक के चार पदों के लिए अलग-अलग मतपत्र तैयार किए गए हैं, ताकि मतदान कर्मियों और मतदाताओं के लिए पहचान आसान हो।
अलग रंगों के मतपत्र से मतदान आसान
इस बार मतदान प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए चार पदों के मतपत्र अलग-अलग रंगों में होंगे। ग्राम प्रधान के लिए सफेद, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए नीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए पीला मतपत्र तय किया गया है। इससे न केवल वोटों की गिनती में आसानी होगी, बल्कि मतदाता बिना भ्रम के चारों पदों पर अपने वोट डाल सकेंगे।
पंचायतों की संख्या और आरक्षण का सवाल
प्रदेश में कुल 58,000 से अधिक ग्राम पंचायत हैं और लगभग 8 लाख ग्राम पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। इसके अलावा 75,000 से ज्यादा क्षेत्र पंचायत सदस्य और लगभग 3,000 जिला पंचायत सदस्य भी चुनने हैं। हालांकि चुनाव में आरक्षण के निर्धारण के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन अभी तक नहीं हो पाया है। सरकार ने उच्च न्यायालय में आयोग गठन का आश्वासन दिया था, लेकिन प्रक्रिया शुरू होने की कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा की बड़ी सेंधमारी, रोहित पांडे समेत कई पूर्व अफसर अखिलेश के साथ
कार्यकाल की समाप्ति और चुनाव की अनिश्चितता
पिछले चुनावों के आधार पर इस साल ग्राम प्रधानों का कार्यकाल 26 मई 2026 को खत्म हो जाएगा। क्षेत्र पंचायत सदस्यों का कार्यकाल 19 जुलाई और जिला पंचायत सदस्यों का 11 जुलाई 2026 को पूरा होगा। ऐसे में यह सवाल बनता है कि सरकार आखिरकार इन चुनावों को कब तक आयोजित कराएगी।



