सपा विधायक-चेयरमैन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

माइनर के दोनों ओर सड़क निर्माण की रखी मांग

भरथना,इटावा। भरथना के सपा विधायक राघवेन्द्र गौतम ने आम जनमानस के आवागमन को सुगम बनाये जाने के उद्देश्य के चलते कस्बा में बने रेलवे उपरिगामी सेतु से मुहल्ला यादव नगर होते हुए भरथना-बकेवर सम्पर्क मार्ग को जोडने वाला पाली माइनर के दोनों ओर सडक निर्माण की माँग को लेकर जिलाधिकारी को पत्र सौंपा।

मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुँचकर जिलाधिकारी शुभ्रान्त शुक्ला को सौंपे गये पत्र के माध्यम से भरथना विधान सभा क्षेत्र के सपा विधायक राघवेेन्द्र गौतम ने अवगत कराया है कि भरथना कस्बा में स्थापित रेलवे क्रासिंग संख्या- 20बी को बन्द करने के लिए रेल विभाग द्वारा निर्णय लिया गया है, जिसकी एनओसी भी विभाग द्वारा जारी कर दी गई है। जिसके क्रम में उपरोक्त रेलवे क्रासिंग को बन्द कर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।

सपा विधायक गौतम ने भरथना पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू की मौजूदगी मेें जिलाधिकारी शुक्ला को अवगत कराया कि उक्त रेलवे क्रासिंग संख्या- 20बी के बन्द होने से नगर/क्षेत्र पूर्ण रूप से दो हिस्सों में बंट जायेगा। समस्त सरकारी कार्यालय,प्रमुख बाजार व अधिकतम शिक्षण संस्थान क्रासिंग के एक ओर ही संचालित है। जिससे काफी असुविधा होगी। रेल विभाग द्वारा जिस वैकल्पिक उपरिगामी सेतु व रास्ते को आवागमन हेतु पर्याप्त बताया गया है, वह अत्यन्त संकरा व ऊबड-खाबड स्थिति में है। जिससे चारपहिया व भारी वाहनों का आवागमन असम्भव है। उक्त मार्ग बम्बा की पटरी के रूप में है,जो आबादी व वाहनों के दृष्टिगत पर्याप्त नहीं है।

पत्र के माध्यम से उन्होंने भरथना कस्बा में स्थापित रेलवे उपरिगामी सेतु मुहल्ला यादव नगर से भरथना-बकेवर सम्पर्क मार्ग मोतीगंज तक पाली माइनर के दोनों ओर सडक निर्माण मय भरथना-बकेवर मुख्य मार्ग पर स्थापित पुलिया के चौडीकरण का कार्य कराये जाने हेतु लोक निर्माण, सिंचाई,निचली गंगनहर,विद्युत विभाग को समुचित कार्यवाही हेतु निर्देशित करने की माँग की। उन्होंने बताया कि बीते दिन ‘‘दिशा‘‘ की सम्पन्न हुई बैठक में भी उक्त प्रकरण को उठाया गया था।

साथ ही बीते दिन चेयरमैन प्रतिनिधि अंकित यादव द्वारा मण्डल रेल प्रबन्धक इलाहाबाद कार्यालय पहुँचकर क्षेत्रीय सपा सांसद जितेन्द्र दोहरे, भाजपा राज्यसभा सांसद गीता शाक्य,पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव गुल्लू के पत्र सौंपकर इस मामले पर विस्तृत चर्चा की गई थी। जिसके क्रम में फिल्हाल रेलवे क्रासिंग संख्या- 20बी कुछ समय तक के लिए बन्द न किये जाने का आश्वासन दिया गया।

जिलाधिकारी शुक्ला से हुई विस्तृत चर्चा में जब तक वैकल्पिक मार्ग की सही व्यवस्था न हो जाए,तब तक रेलवे फाटक को बन्द न किये जाने की बात रखी गयी। जिलाधिकारी श्री शुक्ला द्वारा आश्वासन दिया गया कि शीघ्र ही सम्बन्धित सभी विभागों के साथ जल्द ही टीम गठित कर बैठक सुनिश्चित की जाएगी,जोकि जिलाधिकारी व पालिकाध्यक्ष नगर पालिका परिषद की निगरानी में सम्पन्न होगी। उक्त वार्ता के दौरान अंकित यादव,हिमांशु गौतम, अशोक गुप्ता,राजेश यादव पण्डा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Related Articles

Back to top button