गेंद गायब है या बैटिंग लाइनअप; दिल्ली और यूपी पुलिस के इन ट्वीट्स ने लूटी महफ़िल, फैंस बोले- मौज कर दी

टी-20 विश्वकप फाइनल 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद फैंस की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। देश-विदेश में जीत का जमकर जश्न मनाया गया। भारत में होली पर्व के तुरंत बाद मानो दीपावली मनाई गई। रातभर बम-पटाखे छूटते रहे। क्रिकेट प्रेमियों में गजब का उत्साह देखने को मिला। कहीं आतिशबाजी हुई, कहीं ढोल बजाए गए तो कहीं मिठाई बांटकर फैंस ने अपनी भावनाओं का इजहार किया। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देने का सिलसिला चल पड़ा।
फाइनल से पहले भारत और न्यूजीलैंड दोनों के फैंस पर तनाव हावी रहा। खिताब पर कब्जा करने के लिए भारतीय टीम ने जो रणनीति अपनाई, वह सफल रही। सबसे खास बात यह रही कि टीम इंडिया के फैंस के साथ देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस भी बेहद उत्साहित दिखाई दी। दिल्ली, गुजरात और उत्तर प्रदेश पुलिस की तरफ से सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट्स ने यूजर्स का दिन बना दिया।
दिल्ली पुलिस का पोस्ट लाजवाब रहा
दिपु ने मैच की शुरुआत से पहले अहमदाबाद की पुलिस को टैग कर ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, प्रिय अहमदाबाद पुलिस आपको न्यूजीलैंड की तरफ से गेंद गायब होने की शिकायत मिल सकती है, मगर इसे गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, वो हमारे बल्लेबाज ही हैं, जो उन्हें स्टैंड्स में भेज रहे हैं। इस पर अहमदाबाद पुलिस ने मजेदार अंदाज में लिखा कि मामले को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद। हमने आला अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करा दिया है। बाद में टीम इंडिया की जीत के उपरांत यूपी पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर अलग तरह से अपनी खुशी को जाहिर किया।
यूपी पुलिस ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा-केस स्टडी अपडेट। पहले शिकायत थी की गेंद गायब हो गई है। नई शिकायत यह है कि पूरी बैटिंग लाइन-अप ही गायब हो गई है। हमने यह पाया कि यह विधि व्यवस्था की स्थिति नहीं है। यह बुमराह है। अलबत्ता सोशल मीडिया पर मजेदार एवं दिल को छू लेने वाले कमेंट्स जमकर किए गए। फाइनल मुकाबले में भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने कमाल का प्रदर्शन किया।
उन्होंने शानदार गेंदबाजी कर चार विकेट झटके। मैच समाप्ति के बाद क्रिकेट ग्राउंड पर पूर्व गेंदबाज इरफान पठान जमकर थिरके। इरफान का यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के बहाने टीम इंडिया के फैंस पाकिस्तान के मजे ले रहे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने दो साल बाद सोशल मीडिया पर वापसी कर भारतीय टीम को जीत की बधाई दी है।
T20 वर्ल्ड कप जीतने वाले खिलाड़ियों को मैच फीस पर कितना टैक्स देना होगा
कुल मिलाकर भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी काबिलियत को साबित कर समूची दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। रूस-यूक्रेन, अमेरिका-इजरायल और ईरान तथा पाकिस्तान-अफगानिस्तान में छिड़ी जंग के चलते विश्व में पिछले काफी समय से तनाव कायम है।
ऐसे में टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की न्यूजीलैंड पर धमाकेदार जीत ने क्रिकेट फैंस को मूड बदलने का सुनहरा मौका दिया है। टीम इंडिया को राजनीतिज्ञों, कारोबारियों, पूर्व खिलाड़ियों आदि सभी की ओर से ढेरों बधाई मिल रही हैं। यह शानदार जीत पूरी टीम की मेहनत का मीठा फल है। इस विजय को लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।



