गांजा तस्करी के आरोप में ढाबा संचालक समेत तीन लोग गिरफ्तार

ऊँचाहार, रायबरेली। एंटी नारकोटिक्स व पुलिस की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के आरोप में ढाबा संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, इस दौरान बड़े पैमाने पर गांजे की खेप बरामद हुई हैं।
गुरुवार की रात लखनऊ की एंटी नारकोटिक्स व पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र के सरायं गाँव में लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग के किनारे स्थित एक ढाबे पर छापेमारी की, जहां पुलिस ने एक कुंटल आठ किलो गांजा बरामद किया गया, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपए बतायी जा रही है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इस बाबत प्रभारी कोतवाल सियाराम राजपूत ने बताया कि भागीपुर गाँव निवासी ढाबा संचालक अंकित सिंह, पनवारी मजरे दौलतपुर गाँव निवासी प्रिंस यादव तथा डलमऊ थाना क्षेत्र के घुरवारा कस्बा निवासी सर्वेश जायसवाल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है ।



