बूथ से विधानसभा तक सपा का मिशन 2027, अखिलेश ने जिलाध्यक्षों को दिया जीत का मंत्र

SP Mission 2027 Strategy: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों के साथ अहम बैठक कर ‘मिशन-2027’ की चुनावी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया। मैराथन बैठक के उपरांत आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को जीत का मूलमंत्र देते हुए कहा कि पार्टी जितने सकारात्मक एजेंडे और ऊर्जा के साथ जनता के बीच पहुंचेगी, सत्ता की राह उतनी ही आसान होगी।
उन्होंने ऐलान किया कि मंगलवार से समाजवादी पार्टी बूथ स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्रों तक सघन जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में भाजपा सरकार के कथित अन्याय, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सपा चरणबद्ध तरीके से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।
अखिलेश ने बड़ा राजनीतिक वादा करते हुए कहा कि राज्य में समाजवादी सरकार बनते ही पिछले कार्यकाल में हुए सभी पुलिस एनकाउंटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक इतिहास में उत्तर प्रदेश ने इतनी भ्रष्ट सरकार पहले कभी नहीं देखी।
शिक्षक दिवस पर 26 हजार बंद स्कूलों में जन-जागरूकता अभियान चलाएगी सपा
सपा अध्यक्ष ने बेसिक शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस के मौके पर पार्टी प्रदेशभर में बंद किए गए करीब 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी के कार्यकर्ता इन बंद पड़े स्कूलों के परिसरों में जाकर स्थानीय जनता को शिक्षा व्यवस्था की बदहाली और सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराएंगे।
अखिलेश ने जोर देकर कहा कि भारी संख्या में सरकारी स्कूलों का बंद होना राज्य की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था और गरीब बच्चों के भविष्य के लिए बेहद घातक है।
‘एआई का खेल न खेले सरकार, हम भी तकनीक में पीछे नहीं’: एसटीएफ पर भी साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। इसके साथ ही उन्होंने सत्ता पक्ष पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं की छवि खराब करने वाले फर्जी वीडियो प्रसारित कराने का सीधा आरोप लगाया।
UP Election Survey: आज चुनाव हुए तो सपा-BJP में कौन जीतेगा? सामने आया सीटों का अनुमान
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जुड़े एक एआई वीडियो का उल्लेख करते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सरकार एआई का खेल न खेले, क्योंकि तकनीकी समझ के मामले में समाजवादी पार्टी भी किसी से पीछे नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रदेश में छात्रों को लैपटॉप वितरण की ऐतिहासिक शुरुआत सपा सरकार के कार्यकाल में ही हुई थी।
बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की अनदेखी पर तीखे सवाल
सपा प्रमुख ने प्रदेश के आर्थिक और रोजगार के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। आम जनता महंगाई से त्रस्त है, जहां चीनी और पेट्रोल-डीजल से लेकर दैनिक उपभोग की आवश्यक वस्तुएं लगातार महंगी हो रही हैं। वहीं दूसरी तरफ किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और लाभकारी दाम नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं और उत्तर प्रदेश पूरी तरह से संस्थागत भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है।



