डायरेक्टर ने खुद किया रक्तदान, मऊ मेडिकल कॉलेज में ब्लड बैंक की शुरुआत

सुजीत कुमार।
मऊ जनपद के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। जनपद के विकास पुरुष कहे जाने वाले स्वर्गीय कल्पनाथ राय के नाम पर स्थापित कल्पनाथ राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल (कसारा) में नवनिर्मित ब्लड बैंक का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस महत्वपूर्ण पहल से मऊ और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ब्लड बैंक का उद्घाटन संस्थान के डायरेक्टर डॉ. मनीष राय द्वारा किया गया। खास बात यह रही कि उद्घाटन के बाद डॉ. मनीष राय ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

डॉ. मनीष राय ने अपने संबोधन में कहा कि अब तक गंभीर मरीजों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर उनके परिजनों को वाराणसी, आजमगढ़ या अन्य शहरों की दौड़ लगानी पड़ती थी। कई बार समय पर रक्त न मिलने के कारण मरीजों की स्थिति और गंभीर हो जाती थी। ब्लड बैंक के शुभारंभ से अब यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों को अब यहीं पर समय से रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य यही है कि मऊ और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर और विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलें। ब्लड बैंक की शुरुआत इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।”

ब्लड बैंक के उद्घाटन अवसर पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें संस्थान के डॉक्टरों, कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डायरेक्टर डॉ. मनीष राय के साथ अखिलेश राय, शिवांश राय, कृपसिंधु सिंह, इरशाद आलम, चंद्रमा प्रसाद सहित दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

बताया गया कि यह मेडिकल कॉलेज पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित है और धीरे-धीरे मऊ व आसपास के जिलों के लिए एक मजबूत स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उभर रहा है। ब्लड बैंक की स्थापना से यहां की इमरजेंसी सेवाओं, सर्जरी विभाग और दुर्घटना पीड़ितों के इलाज में बड़ी मदद मिलेगी। इस अवसर पर अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। सभी ने ब्लड बैंक की शुरुआत को मऊ के लिए एक बड़ी उपलब्धि और सौगात बताया। लोगों का कहना था कि इस पहल से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि कई जिंदगियों को भी बचाया जा सकेगा।

कुल मिलाकर, मेडिकल कॉलेज मऊ में ब्लड बैंक की शुरुआत ने जनपद के स्वास्थ्य ढांचे को एक नई मजबूती दी है और यह कदम आने वाले समय में हजारों मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा।

Related Articles

Back to top button