श्रीमद् भागवत कथा का समापन, कृष्ण-सुदामा के मित्रता की कथा सुन भाव विभोर हुए श्रोता

सुल्तानपुर। जिले के धनपतगंज ब्लॉक के सरैया मझौवा में चल रहीं श्रीमद् भागवत कथा का गुरुवार को समापन हो गया। मथुरा वृंदावन धाम से आए कथा व्यास भागवताचार्य ऋषिराज पांडेय जी महाराज ने व्यासपीठ पर विराजमान होकर भागवत कथा का श्रवण कराया। श्रीमद्भागवत कथा में विभिन्न धार्मिक प्रसंग सुनाए। साथ ही भजनों की प्रस्तुति से भक्तगण आत्मविभोर होकर झूम उठे। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत कथा का समापन हुआ।
भगवान श्रीकृष्ण के वात्सल्य व असीम प्रेम के अलावा उनके द्वारा की गई विभिन्न लीलाओं का वर्णन कर वर्तमान समय में समाज में व्याप्त अत्याचार, कटुता, व्यभिचार को दूर कर सुंदर समाज निर्माण के लिए युवाओं को प्रेरित किया। इस धार्मिक अनुष्ठान के समापन दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की सर्वोपरि लीला रासलीला, मथुरा गमन, दुष्ट कंस राजा के अत्याचार से मुक्ति के लिए कंसवध, शिशुपाल वध एवं सुदामा चरित्र का वर्णन कर लोगों को भक्तिरस में डुबो दिया।
सात दिनों तक इस कथा में पुरा वातावरण भक्तिमय रहा। इस कथा का सात दिनों से संचालन बीड़ी सिंह के द्वारा किया जा रहा था। कथा के समापन पर उन्होंने नम आंखों से सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कथा के समापन दिवस पर पूर्व मंत्री एवं विधायक विनोद सिंह , कथा आयोजक समर बहादुर सिंह , ऊषा सिंह, सुभाष सिंह, हेमंत सिंह, अजय पाठक, दिनेश , शिव कुमार , सचिन सिंह , सोनू पांडेय, विकास रावत, विजय प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।



