लखीमपुर में 8 फरवरी को लगेगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेला

परवेज आलम

लखीमपुर खीरी. गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत जनपद लखीमपुर में 8 फरवरी 2026 को धर्म सभा इंटर कॉलेज, देवकली रोड पर एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टर आमजन को मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य मेले में पीजीआई, केजीएमयू, लोहिया संस्थान एवं मेडिकल कॉलेज से आए चिकित्सक विभिन्न रोगों की जांच व परामर्श देंगे।

शिविर में ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड जांच, ईसीजी सहित कई प्रकार की चिकित्सीय जांचें निःशुल्क की जाएंगी। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की जाएंगी। इससे पूर्व 6 व 7 फरवरी को ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 300 केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से 1500 से अधिक गांवों को कवर किया जाएगा। यह जानकारी आयोजित प्रेस वार्ता में दी गई। नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (एनएमओ) अवध एवं गोरक्ष प्रांत तथा श्री गुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य सीमावर्ती एवं थारू बहुल क्षेत्रों तक आधुनिक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है।

एनएमओ लखीमपुर इकाई अध्यक्ष डॉ. रमा रमन मिश्रा ने बताया कि इस अभियान में केजीएमयू, एम्स, एसजीपीजीआई, बीएचयू सहित देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से लगभग एक हजार डॉक्टर एवं मेडिकल छात्र भाग लेंगे।

टेलीमेडिसिन एवं आधुनिक जांच तकनीकों के माध्यम से गंभीर मरीजों को भी विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में चार लाख से अधिक मरीजों का सफल उपचार किया जा चुका है, जबकि इस वर्ष ढाई लाख से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।प्रेस वार्ता में एनएमओ अवध प्रांत संगठन मंत्री डॉ. जय राम, जिला सेवा भारती अध्यक्ष गोपाल जी, जिला सेवा प्रमुख आनंद, जिला मीडिया प्रभारी अंशुल, डॉ. अश्वनी गुप्ता एवं मनीष मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान यात्रा का आधिकारिक पोस्टर एवं रूट मैप भी जारी किया गया।

Related Articles

Back to top button