रेलवे क्रासिंग में फसी लग्जरी कार: बड़ा हादसा टला

रेलवे क्रासिंग पर मिली गेटमैन की लापरवाही -सस्पेंड

भरथना,इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20-बी पर शनिवार रात एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। फाटक बंद होने के बावजूद एक लग्जरी कार चालक ने जल्दबाजी में रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास किया, जिससे उसकी कार रेलवे ट्रैक के बीच फंस गई। इसी दौरान कानपुर से अप लाइन पर 12003 नई दिल्ली–लखनऊ स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस तेज रफ्तार से मौके पर दौड़ी आ रही थी।

घटना बीती शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे की है,जब रेलवे क्रासिंग बंद होते ही लग्जरी कार चालक ने नियमों की अनदेखी करते हुए रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश की। इसी बीच कार रेलवे ट्रैक के बीच में जाकर फंस गई और रेलवे क्रासिंग पूरी तरह बंद हो गई। सिग्नल मिलने के बाद सुपरफास्ट स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन ट्रैक पर आ चुकी थी। ट्रेन को नजदीक आता देख कार चालक घबरा गया और किसी तरह कार को डाउन लाइन की ओर क्रासिंग के बूम के पास खड़ा कर स्वयं मौके से दूर हट गया। कुछ ही सेकेंड बाद ट्रेन तेज गति से क्रासिंग पार कर गई। ट्रेन के गुजरते ही क्रासिंग का फाटक खोला गया, जिसके बाद कार चालक अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया,और टूंडला से एक टीम गठित कर जांच के लिए भेजा गया।

गेटमैन सस्पेंड:जांच जारी

भरथना रेलवे स्टेशन अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि मेमो के आधार पर टूंडला मंडल के यातायात प्रबंधक के निर्देश पर संबंधित गेटमैन को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। यह जांच की जा रही है कि घटना के लिए कार चालक जिम्मेदार था या गेटमैन की लापरवाही सामने आई है।
डीटीएम पूर्वी गर्ग रविवार को अपनी टीम के साथ रेलवे फाटक संख्या 20-बी पर पहुंचीं, जहां उन्होंने केबिन का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों के साथ जांच पड़ताल की। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

फरार कार-चालक के विरुद्ध होगी रिपोर्ट दर्ज

उधर उक्त घटना के बाद संबंधित गेटमैन ने विभाग को लिखित प्रार्थना पत्र सौंप कर फरार कार और उसके चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है,जिसके सम्बन्ध में अधिकारियों ने बताया मौके से फरार कार और चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button