एटीएम से रूपए उड़ाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा में उस समय हड़कंप मच गया,जब एक एटीएम मशीन में रूपये निकलने वाले स्थान पर स्ट्रिप (पत्ती) लगाकर छेडछाड करने वाले दो शातिर बदमाशों को मौजूद लोगों ने रंगेहाथों पकडकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सांय करीब पौने छः बजे कस्बा के मुहल्ला बालूगंज स्थित पानी की टंकी के समीप इण्डिया नम्बर-1 की लगी एटीएम मशीन पर एक खाताधारक रूपये निकालने आया, जिस पर सम्पूर्ण प्रक्रिया होने के उपरान्त खाताधारक के खाते से धनराशि की कटौती भी हो गयी, किन्तु धनराशि बाहर नहीं आयी।
जिस पर खाताधारक समीप संचालित एटीएम भूस्वामी व जनसेवा केन्द्र संचालक सीपू त्रिपाठी के पास गया तथा उसने खाते से धनराशि कटौती होने पर भी मशीन से रूपये न निकलने की बात बतायी, तो उन्होंने सामान्य प्रक्रिया के तहत खाताधारक को अवगत कराया,कि हो सकता है,उक्त धनराशि वापस आ जाये,क्योंकि एटीएम मशीन में आज ही सम्बन्धित कम्पनी द्वारा धनराशि डाली गई है।
इसी बीच जनसेवा केन्द्र संचालक त्रिपाठी की नजर समीप लगे सीसीटीवी कैमरे पर गई,जिसमें दो युवक मशीन में छेडछाड करते हुए देखे गये। तभी वहाँ मौजूद कई लोग एटीएम में पहुँच गये,जहाँ दो शातिर बदमाश एटीएम मशीन से रूपये निकलने वाले स्थान से एक स्ट्रिप (पत्ती) निकाल रहे थे।
मौजूद लोगों ने दोनों बदमाशों को तत्काल धर दबोचा। जिस पर दोनों बदमाशों ने बताया कि वह एटीएम मशीन में रूपये निकलने वाले स्थान पर उक्त स्ट्रिप (पत्ती) फंसा देते हैं,जिसके चलते खाताधारक जब अपना एटीएम कार्ड लगाकर समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर लेता है,तो उसके खाते से धनराशि की कटौती हो जाती है,लेकिन उक्त स्ट्रिप की वजह से रूपये बाहर नहीं आते हैं,खाताधारक के चले जाने पर वह मौका पाते ही उक्त स्ट्रिप हटाकर मशीन में फंसी हुई धनराशि निकाल लेते हैं।
घटना के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने कस्बा पुलिस को सूचित कर पकडे गये दोनों बदमाशों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।



