पुलिस मुठभेड़:बदमाश के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

इटावा। इटावा जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वैदपुरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीती रात महोला जेल रोड अंडरपास के पास हुई पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना वैदपुरा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान महोला अंडरपास की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल को जब पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो बाइक सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली अभियुक्त के बाएं पैर में लगी। पुलिस ने मौके से अभियुक्त राजा कंजड़ उर्फ राजा उर्फ विकास को घायल अवस्था में दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस,दो जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सैफई के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई की अधिकारियों ने सराहना की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त पर पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हो सकते हैं, जिसकी छानबीन की जा रही है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।



