बेक़ाबू ट्रक ने दो मासूमों के पिता को रौंदा: मौत
परिजनों में मचा कोहराम,शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा मृतक

इटावा। इटावा शहर में ट्रक से एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया,भाई की शादी के कार्ड बांटकर वापस आ रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार बेक़ाबू ट्रक ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिवार में कोहराम के बीच मातम छा गया।
घटना इटावा शहर के रामलीला रोड स्थित खटखटा बाबा कॉलोनी के सामने की है। लालपुरा नई बस्ती निवासी 30 वर्षीय रवि राठौर पुत्र हरि गोविंद बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वह कॉलोनी के सामने पहुंचे,पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रवि सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया।
राहगीर और आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। गंभीर अवस्था में रवि को जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक रवि सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी सर्विस का कार्य करता था। परिजनों के अनुसार वह अपने परिवार में भरण पोषण का मुख्य सहारा था। रवि के परिवार में पत्नी कुमकुम,एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और घर में शादी की तैयारियों के बीच मातमी सन्नाटा पसर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे है, ताकि फरार चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जल्द ही फरार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



