33 केवी केबिल बॉक्स फटा बिजली गुल

एक सैकड़ा गावों की देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद

जसवंतनगर,इटावा। सोमवार की सुबह रायनगर फीडर से जुड़ी 33 केवी लाइन का भूमिगत केबिल का बॉक्स फटने से ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। यह केबिल बॉक्स ब्लॉक कार्यालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग के नीचे से होकर गुजरता है, जो बलरई,जुगोरा,सिरसा बीबामऊ समेत क्षेत्र के चार बिजलीघरों को आपूर्ति देता है। हादसे के चलते लगभग 100 गांवों में बिजली गुल हो गई।

सुबह करीब सात बजे अचानक केबिल बॉक्स में धमाके के साथ आग लग गई,जिसके बाद सप्लाई बंद हो गई। बिजली कटते ही ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया। पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग और घरेलू कार्यों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर एसडीओ आनंद पाल सिंह, जेई कौशल पांडेय व रघुनाथ सिंह विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त केबिल को बदलने और मरम्मत का कार्य तत्काल शुरू कराया। बिजली विभाग की टीम लगातार आपूर्ति बहाल करने में जुटी रही। एसडीओ आनंद पाल सिंह ने बताया कि केबिल बॉक्स फटने से आपूर्ति बाधित हुई है। मरम्मत कार्य तेजी से चल रहा है और देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।


सड़क हादसे में दो युवक गंभीर घायल

जसवंतनगर,इटावा। बीते दिन रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगरा से इटावा जाने वाली सड़क पर देर शाम को एक होटल के सामने बाइक सवार मलाजनी के रहने वाले एक युवक राजू पुत्र गौरीशंकर सड़क पार कर रहा था। तभी अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक सवार युवक आ गया जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे उसके परिजन घायल युवक को इलाज हेतु जिला अस्पताल ले गए।

बताया गया है कि बाइक सवार युवक सड़क डिवाइडर क्रॉस करके जसवंतनगर किसी काम के लिए आ रहा था।वहीं दूसरी सड़क दुर्घटना में थाना क्षेत्र के ग्राम घनश्यामपुरा का रहने वाला युवक जितेंद्र कुमार पुत्र विजयबहादुर रविवार शाम को नगर से बाजार करके बाइक से अपने गांव जा रहा था जैसे ही वह धनुवां जाने वाले मार्ग पर मुंडा तो उसकी बाइक फिसल गई जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गया।तभी उधर से गुजर रहे उसके परिचितों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज हेतु भर्ती कराया।

Related Articles

Back to top button