मृत पत्नी के स्थान पर प्रेमिका को खड़ा कर बेची तीन करोड़ की भूमि

रिटायर्ड वन दारोगा और प्रेमिका गिरफ्तार

​इटावा। इटावा जनपद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) वन दारोगा ने अपनी मृत पत्नी के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपनी प्रेमिका को पत्नी के रूप में पेश किया और करीब 3 करोड़ रुपये की साढ़े 12 बीघा जमीन बेच डाली। पुलिस ने मुख्य आरोपी रिटायर्ड दारोगा और उसकी प्रेमिका को मोतीझील चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​फर्जी दस्तावेजों से रची साजिश

​पुलिस के अनुसार,रिटायर्ड वन दारोगा सेवाराम की पत्नी सुमन देवी का निधन हो चुका था। सुमन देवी के नाम पर साढ़े 12 बीघा कीमती जमीन थी। इस जमीन को हड़पने के लिए सेवाराम ने अपनी मैनपुरी निवासी प्रेमिका मीना देवी के साथ मिलकर एक गहरी साजिश रची। आरोपियों ने आधार कार्ड और पैन कार्ड में हेरफेर कर मृत पत्नी सुमन देवी की जगह प्रेमिका मीना देवी की फोटो और जानकारी दर्ज करा दी।

​इस बड़े घोटाले का पर्दाफाश तब हुआ जब सेवाराम के बेटे अनिल को जमीन की बिक्री का शक हुआ। अनिल की तहरीर पर पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की। जांच में सामने आया कि वर्ष 2022 से 24 के बीच आरोपियों ने फर्जी तरीके से तैयार दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग लोगों को करोड़ों की जमीन बेच दी थी। ​थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मोतीझील चौराहे के पास से धर दबोचा।

Related Articles

Back to top button