मासूम से हैवानियत वाला मुठभेड़ में हुआ लंगड़ा
वारदात के मात्र 3 घंटे में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

इटावा। इटावा जनपद के थाना बसरेहर क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के आरोपी को पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,थाना बसरेहर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली नाबालिग बच्ची अपने घर के बाहर मोहल्ले में खेल रही थी। तभी पड़ोस के ही रहने वाले आरोपी प्रशांत पुत्र रमेश चंद्र उर्फ लल्ला ने मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों ने तत्काल थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और तत्काल मु0अ0सं0 02/2026 धारा 65(2) BNS एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
एसएसपी इटावा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम जब इलाके में गश्त पर थी,तभी मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रशांत अकबरपुर कट की तरफ भागने की फिराक में है। पुलिस ने कल्ला बाग से अकबरपुर रोड पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी ने चकरोड की तरफ भागते हुए जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की,जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा।
मुठभेड़ की सूचना पर आला अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने घायल अवस्था में आरोपी को गिरफ्तार कर तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस और 2 खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। क्षेत्राधिकारी सैफई के नेतृत्व में हुई इस त्वरित कार्रवाई की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।



