जनपद स्तरीय भाषण और एकल काव्य प्रतियोगिता का आयोजन

सुलतानपुर। राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में उच्च शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रायोजित जनपद स्तरीय भाषण एवं एकल काव्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी बौद्धिक एवं साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डी. के. त्रिपाठी ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ किया। उनका व्यक्तित्व विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

वहीं उप-प्राचार्य प्रो. निशा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अटल एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता थे। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में विचारशीलता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्रबोध को विकसित करती हैं।

भाषण प्रतियोगिता में राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज की एम.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रियंशी दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के अतुल तिवारी को तथा तृतीय स्थान संजय गांधी पी.जी. कॉलेज की बी.ए. की छात्रा श्रेया तिवारी को मिला। एकल काव्य प्रतियोगिता में संजय गांधी पी.जी. कॉलेज के बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र विभव प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान राणा प्रताप पी.जी. कॉलेज की शशि जायसवाल को तथा तृतीय स्थान काजल कुमारी को मिला।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. आलोक कुमार, डॉ. संतोष सिंह अंश एवं डॉ. प्रीति प्रकाश शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष एवं सराहनीय निर्णय दिया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रमाधिकारी डॉ. प्रभात श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में अटल के योगदान को स्मरण करते हुए प्रेरक वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button