पासबुक-रूपयों से भरा थैला बाइक से हुआ गायब
बाइक पर थैला टांग कर किसान जा रहा था गांव

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक से 50 हजार की नगदी निकाल कर थैले में रखकर अपनी बाइक से गांव जाते समय अज्ञात बदमाश ने रूपयों से भरा थैला पार कर दिया। घटना की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अपूरपुरा निवासी पीड़ित धीरज सिंह पुत्र हनुमत सिंह ने बताया कि वह सोमवार को बैंक से पचास हजार की नगदी निकाल कर थैले में सुरक्षित रख कर और रूपयों से भरा थैला बाइक में टांग कर देरशाम करीब 5 बजे गांव जा रहा था इसी बीच कस्बा में स्थित एक दुकान पर रुक कर कुछ घरेलू सामान खरीदने के लिए जेब से रूपए निकालकर दुकानदार को देने लगा। इसी दौरान बाइक के हैंडल में टंगा रूपयों से भरा थैला अज्ञात बदमाश उतार कर चम्पत हो गए। पीड़ित के अनुसार थैले में 50 हजार रूपये के अलाव बैंक पासबुक थी।
बाइक से अचानक रूपए भरा थैला गायब होते ही पीड़ित धीरज के होश उड़ गए,और हाय तौबा के बीच लोगों की भीड़ जमा हो गई, और अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



