ऑनलाइन उपस्थिति का सचिवों ने किया विरोध प्रदर्शन

ग्राम पंचायत सचिवों ने किया सांकेतिक आंदोलन जमा किये डोंगल

जसवंतनगर,इटावा। ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली सहित अतिरिक्त विभागीय कार्यों के विरोध में ब्लॉक क्षेत्र के समस्त ग्राम पंचायत सचिवों ने सांकेतिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू कर दिया है। इस संबंध में ग्राम पंचायत सचिवों ने खंड विकास अधिकारी को संबोधित एक पत्र सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

पत्र में बताया गया कि पंचायत कार्यकारिणी के आह्वान पर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 1 दिसंबर 2025 से मूल विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों तथा ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली के विरोध में सहयोग आंदोलन चलाया जा रहा है। सचिवों का कहना है कि आंदोलन के तहत रखी गई मांगें अब तक पूरी नहीं की गई हैं, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।

आंदोलन के तहत ग्राम पंचायत सचिवों ने अपनी डीएससी और डोंगल जमा कराते हुए सामूहिक रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। सचिवों ने स्पष्ट किया कि वे अपने मूल दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं, लेकिन अतिरिक्त कार्यों का बढ़ता बोझ और ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था व्यवहारिक नहीं है।पत्र के माध्यम से यह भी अनुरोध किया गया है कि जब तक आंदोलन शांतिपूर्वक जारी है, तब तक किसी भी प्रकार की दंडात्मक या न्यायिक कार्रवाई न की जाए। डोंगल जमा करने वालों में सचिव नीरज यादव, संजीव श्रीवास्तव, वरुण, सुमित, राहुल श्रीवास्तव, आनंदकंद, आकांक्षा, सुमित कुमार, अवनीश कुमार, हेमंत कुमार, रजनीश कुमार, विवेक तिवारी, वर्षा यादव, सुषमा यादव सहित अन्य शामिल रहे। इस मामले को लेकर विकास विभाग में चर्चाओं का दौर जारी है।

Related Articles

Back to top button