एनटीपीसी में मनाया गया अम्बेडकर परिनिर्वाण दिवस

ऊँचाहार, रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में भारत रत्न डॉ भीम राव अम्बेडकर का परिनिर्वाण दिवस मनाया गया। अंबेडकर सभागार परिसर में स्थित अम्बेडकर प्रतिमा पर अतिथियों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी। बुद्ध प्रार्थना के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि डॉ भीम राव अम्बेडकर के विचार और चिंतन को और अधिक मुखरित करना है, जरूरतमंदों की सेवा करनी है ताकि विकसित होने के साथ साथ समरस भारत का निर्माण हो सके जोकि बाबा साहब का सपना था।
समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष बिस्वास, दिलीप कुमार साहू, एस यू हरिदास, इंटक अध्यक्ष आज्ञा शरण सिंह, अधिकारी संघ के संयुक्त सचिव अभिषेक कुमार ने भी विचार व्यक्त करते हुए बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। एससीएसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद लोहकरे ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अम्बेडकर की जीवनी पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक शालिनी रावत ने किया तथा महासचिव राहुल कुमार कन्नौजिया ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह में ग्रामीण छात्रों को स्वेटर, बैग, घड़ी तथा अन्य सामग्री का वितरण करके जरूरतमंदों की सेवा का संकल्प व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में एनटीपीसी कर्मचारी, विभागाध्यक्ष, सीएमओ डॉ मधु सिंह, एनएसए प्रमुख हरलीन सचदेवा मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
————————————
एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस सम्पन्न
ऊँचाहार, रायबरेली। शनिवार को तहसील सभागार में एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस सम्पन्न हुआ, इस दौरान कुल आये 34 शिकायती पत्रों में 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, बाकी शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर मौके पर भेजी गई है।
एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्या सुनी।
पूरे लल्लू पांडेय मजरे खरौली गाँव के शांतिभूषण पाण्डेय ने गांव के ही कुछ लोगों के विरुद्ध खलिहान की भूमि पर अवैध तरीके से निर्माण किये जाने की शिकायत की,जब्बारीपुर गाँव के कालीदीन प्रजापति ने मजदूरी दिलाये जाने की शिकायत की,रघुनाथपुर पटेरवा गाँव की पिंकी शुक्ला ने कुछ लोगों के विरुद्ध पति के नाम आबंटित भूमि पर कब्जा किये जाने की शिकायत की।
इस मौके पर बीडीओ सुनील कुमार सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
—————————————–
ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग सहित दो लोग घायल
ऊँचाहार, रायबरेली। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग समेत दो लोग घायल हो गये, जिसमें बुजुर्ग को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कानपुर नगर जिले के महराजपुर थाना क्षेत्र के सहडलीपुर गाँव निवासी राजेश कुमार 50 वर्ष अपने समधी जमुना प्रसाद 60 वर्ष व उनके बेटे राजेश निवासी रायपुर फरकी थाना कुंडा जिला प्रतापगढ़ के साथ शनिवार की सुबह एक ही बाइक से तीनो लोग ऊँचाहार आ रहे थे, तभी लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर अरखा गाँव के निकट ट्रैक्टर ट्राली से बाइक टकरा गई, घटना में बाइक पर पीछे बैठे राजेश कुमार व जमुना प्रसाद सड़क पर गिरकर घायल हो गये, राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
इस बाबत सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोग सीएचसी आये थे, जिसमें जमुना प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।



