इसरो निदेशक डॉ. निलेश एम. देसाई ने मऊ में अंतरिक्ष एवं स्टेम प्रयोगशाला का किया उद्घाटन

डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 1500 बच्चों के साथ हुआ बाल संवाद कार्यक्रम

मऊ। इसरो के स्पेस एप्लीकेशन सेंटर, अहमदाबाद के निदेशक डॉ. निलेश एम. देसाई ने सोमवार को मऊ जनपद के घोसी शिक्षा क्षेत्र स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली में नवस्थापित अंतरिक्ष एवं स्टेम प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने दीप प्रज्वलन के साथ की। प्रयोगशाला का निरीक्षण करते समय उन्होंने बच्चों से बातचीत की और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियाँ दीं।

विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में परिषदीय स्कूलों के बच्चे और अभिभावक जुटे थे। डॉ. देसाई ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “अंतरिक्ष और विज्ञान की समझ छोटे-छोटे प्रयोगों और जिज्ञासा से ही शुरू होती है। मैं भी गांव के साधारण स्कूल से पढ़कर यहां तक पहुँचा हूँ, इसलिए आप सबके लिए यह बड़ा अवसर है।” उन्होंने बताया कि मातृभाषा में पढ़ाई करने से वैज्ञानिक सोच और भी मजबूत होती है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने अपनी ओर से तैयार किए गए प्रेजेंटेशन भी दिखाए, जिन्हें डॉ. देसाई ने सराहा।

उन्होंने बच्चों को वैज्ञानिक प्रयोगों में सक्रिय रहने और अपनी जिज्ञासा बनाए रखने की सलाह दी। उद्घाटन समारोह के बाद डॉ. देसाई ने डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित बाल संवाद कार्यक्रम में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं से सीधी बातचीत की। यहां बच्चों ने अंतरिक्ष से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका निदेशक ने सरल और रोचक अंदाज़ में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि “भारत को विश्व में अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए वैज्ञानिक सोच बहुत जरूरी है।

आने वाले समय में आप बच्चे ही देश को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे।”जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने इसरो टीम का स्वागत करते हुए कहा कि यह मऊ जनपद के लिए गर्व की बात है कि यहां पढ़ने वाले बच्चों को देश के शीर्ष वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन मिल रहा है। मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नगर ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अवसर बच्चों को दिए जाएंगे ताकि उनकी वैज्ञानिक सोच और मजबूत हो सके। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय ने विश्वास जताया कि मऊ के बच्चे एक दिन अंतरिक्ष अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

कार्यक्रम में वायोमिका फाउंडेशन से गोविंद जी, समेकित शिक्षा समन्वयक अमित कुमार श्रीवास्तव, डीसी अनिल चौरसिया, आलोक सिंह, अरविंद पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राम सेवक राम ने किया।

Related Articles

Back to top button