हादसा: तेज रफ्तार बस मदर डेयरी से टकराई
एक दर्जन यात्री गंभीर घायल

वैदपुरा,इटावा। वैदपुरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मैनपुरी जा रही एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सीधे मदर डेयरी के मुख्य गेट में जा भिड़ी। बस की टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसके सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में बैठे यात्रियों में भगदड़ एवं चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ, जब बस के आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। कार को बचाने के प्रयास में चालक बस का नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते बस सीधे मदर डेयरी के गेट से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से एक दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कराया और सभी घायलों को सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल यात्रियों में से कई ने बताया कि बस तेज रफ्तार में थी और अचानक हुए ब्रेक के कारण संतुलन बिगड़ गया।
हादसे के बाद सड़क पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण लापरवाही एवं तेज गति मानी जा रही है। पुलिस बस चालक से भी पूछताछ करेगी। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और ओवरस्पीडिंग पर कड़ा नियंत्रण लागू करने की मांग की है ताकि ऐसे हादसे भविष्य में दोबारा न हों।



