SBI का ग्राहकों को झटका, 1 दिसंबर से बंद हो जाएगी ये लोकप्रिय सेवा

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक अहम घोषणा की है। डिजिटल भुगतान प्रणालियों पर बढ़ती निर्भरता के चलते, SBI ने अपनी लोकप्रिय ‘mCASH’ सुविधा को बंद करने का फैसला किया है।
बैंक ने स्पष्ट किया है कि 30 नवंबर, 2025 के बाद, ऑनलाइन SBI और YONO लाइट पर mCASH के ज़रिए पैसे भेजने और क्लेम करने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। यानी 1 दिसंबर, 2025 से यह सेवा हमेशा के लिए बंद हो जाएगी। जो ग्राहक इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे थे, उन्हें आने वाले दिनों में अपने बैंकिंग कार्यों में बदलाव देखने को मिलेंगे।
mCASH क्या करता था?
mCASH एक ऐसी सुविधा थी जिसके ज़रिए SBI के ग्राहक बिना किसी लाभार्थी को रजिस्टर किए, सिर्फ़ अपने मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी का इस्तेमाल करके किसी को भी पैसे भेज सकते थे। यह सेवा ख़ास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी थी जिन्हें जल्दी या छोटी रकम ट्रांसफर करनी होती थी। पैसे पाने वाले को एक सुरक्षित लिंक और 8 अंकों का पासकोड मिलता था, जिसके ज़रिए वह किसी भी बैंक खाते में पैसे का दावा कर सकता था।
अब क्यों बंद की जा रही mCASH सेवा
SBI द्वारा अपनी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर, 2025 के बाद यह सुविधा बंद कर दी जाएगी और ग्राहकों को इसके बजाय UPI, IMPS, NEFT और RTGS जैसे सुरक्षित और उन्नत भुगतान विकल्पों का इस्तेमाल करना चाहिए। बैंक का उद्देश्य डिजिटल लेनदेन को सुरक्षित और तेज़ बनाना है और mCASH प्रणाली पुराने डिजिटल ढाँचे पर काम कर रही थी।
recharge price hike in 2025: 1 दिसंबर से मोबाइल रिचार्ज प्लान्स होंगे महंगे
अब आप पैसे कैसे ट्रांसफर करेंगे?
mCASH के बंद होने के बाद, SBI ने ग्राहकों को BHIM SBI Pay (UPI ऐप), IMPS और अन्य डिजिटल तरीकों को अपनाने की सलाह दी है। UPI के ज़रिए पैसे भेजने के लिए, आप निम्नलिखित प्रक्रिया का उपयोग कर सकते हैं:
- BHIM SBI Pay ऐप में लॉग इन करें।
- ‘पे’ विकल्प चुनें।
- VPA, अकाउंट-IFSC या QR कोड में से कोई एक विकल्प चुनें।
- आवश्यक जानकारी भरें।
- डेबिट खाता चुनें और ‘टिक मार्क’ (✓) दबाएँ।
- UPI पिन डालें और भुगतान पूरा करें।
ग्राहकों पर इसका क्या असर होगा?
जो लोग बिना लाभार्थी जोड़े mCASH के ज़रिए पैसे भेज रहे थे, उन्हें अब UPI या IMPS जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करना होगा। हालाँकि नया विकल्प ज़्यादा सुरक्षित और तेज़ है, लेकिन mCASH सुविधा बंद होने से कुछ ग्राहकों को थोड़ी असुविधा हो सकती है।



