खेतों में धड़ल्ले से जलाई जा रही पराली, शासन के आदेशों की उड़ रही धज्जियां

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र में किसानों को सेटेलाइट की निगरानी व कार्रवाई का कोई डर नही है। खुलेआम धान की पराली जला रहे हैं। सोमवार को महराजगंज चंदापुर मार्ग, हलोर व मऊ मार्ग पर धान की पराली जलाई गई। इससे राहगीर व क्षेत्रीय लोग परेशान रहे।
शासन द्वारा धान की पराली जलाने को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। ऐसा करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान भी है। इसके बावजूद किसान नहीं मान रहे। कहीं दिन में तो कहीं चोरी-छुपे रात में किसान पराली जलाते हुए शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। सोमवार को महराजगंज चंदापुर मार्ग, महराजगंज से हलोर व इन्हौना मार्ग पर खेतों में काफी मात्रा में धान की पराली में आग लगा दी गई। इससे काफी ऊंचाई और दूरी तक धुएं के गुबार उठते रहे। जिससे राहगीरों व आसपास के गांव के ग्रामीणों को भी परेशानी हुई। मामले में एसडीएम गौतम सिंह ने बताया कि संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल एवं कृषि विभाग की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजकर रिपोर्ट तलब कर कार्यवाही की जाएगी।
—————————————–
चार युवकों ने मिलकर चाचा व भतीजे पर किया जानलेवा हमला
महराजगंज, रायबरेली। मां की जांच रिपोर्ट लेकर घर लौट रहे युवक को चार लोगों ने पीट दिया यही नहीं उसे बचाने आए उसके चाचा को भी पीटकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां पर गंभीर बता दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक के पिता ने पुलिस को तहरीर दे मुकदमा दर्ज कराया है।
चंदापुर थाने में तहरीर देते हुए बहादुर नगर निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र धीरज सिंह ने बताया कि उनका पुत्र सत्यम सिंह रविवार की शाम अपनी स्कूटी से अपनी मां की जांच रिपोर्ट लेकर महराजगंज से वापस आ रहा था रास्ते में पहरावा गांव के पास नैय्या नाला पुल पर पहरावा गांव निवासी संतोष यादव उर्फ राना पुत्र बाबूलाल व लवलेश यादव उर्फ चैतू पुत्र स्व रामेश्वर दो अज्ञात साथियों के साथ स्कूटी रोककर गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा।
पीछे से आए सत्यम के चाचा धीरेन्द्र सिंह ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोप है कि आरोपियों ने उसे भी ईंट गुम्मे से पीट-पीट कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 व चंदापुर पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने दोनों की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां अभी भी दोनों का इलाज चल रहा है।मामले में चंदापुर पुलिस ने जितेंद्र की तहरीर पर चारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।



