स्पीड रडार गन से तेज रफ्तार वाहनों का काटा जा चालान

इटावा। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह के दौरान इटावा यातायात पुलिस सड़कों पर सक्रिय हो गई है। आगरा-कानपुर हाईवे सहित शहर की प्रमुख सड़कों पर यातायात पुलिस ने स्पीड रडार गन के साथ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अब तक करीब दो दर्जन वाहनों का चालान कर चुकी है।
बता दे सोमवार सुबह यातायात पुलिस विशेष रूप से तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रख रही है। हाईवे पर यातायात पुलिस प्रभारी निरीक्षक सूबेदार सिंह स्वयं अपनी टीम के साथ वाहनों की स्पीड जांचते नजर आए। बताया गया कि स्पीड रडार गन लगभग 3 किलोमीटर की दूरी से वाहन की गति को कैच कर लेती है।
गति सीमा से अधिक रफ्तार पाए जाने पर वाहन का नंबर प्लेट रडार में दर्ज हो जाता है और उसी आधार पर चालान किया जाता है। छोटे वाहनों पर 2 हजार रुपये तथा बड़े वाहनों पर 4 हजार रुपये तक का चालान काटा जा रहा है। यातायात पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार सड़क हादसों का प्रमुख कारण है। इसलिए अभियान को सख्ती के साथ आगे भी जारी रखा जाएगा। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे गति सीमा का पालन करें और शराब पीकर वाहन न चलाएं।
सूबेदार सिंह, प्रभारी निरीक्षक, यातायात पुलिस, इटावा सड़क हादसों में कमी लाने के लिए स्पीड नियंत्रण बेहद जरूरी है। हाईवे पर निरंतर चेकिंग की जा रही है। हमारा उद्देश्य चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करना है।



