मारपीट के मामले में युवक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

महराजगंज, रायबरेली। ट्रैक्टर से खेत जोतकर निकले दंपत्ति व उनके बेटे को मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। मामले में भुक्तभोगी युवक ने दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के पूरे चरी का पुरवा मजरे पहाड़ पुर गांव के पास की है। कोतवाली क्षेत्र के गोंदहिया मजरे खैरा-जरैला गांव निवासी अनिल यादव पुत्र श्री कृष्ण ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शनिवार की शाम वह करीब छः बजे ट्रैक्टर से अपना खेत जोतकर अपनी पत्नी व बच्चे के साथ घर के लिए निकले,पूरे चरी गांव के पास रास्ते में ट्रैक्टर खराब हो गया, तभी पूरे चरी मजरे पहाड़पुर गांव निवासी धर्मेद्र उर्फ जडेजा पुत्र हनोमान व शोभनाथ पुत्र महादेव अपने एक अज्ञात साथी के साथ आये और गाली गलौज करते हुए रास्ते से ट्रैक्टर हटाने को कहने लगे।
गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। बचाने दौड़े भुक्तभोगी व उसके बेटे को भी पीटा, आरोप है कि आरोपियों ने किसी नुकीले हथियार से भुक्तभोगी के सिर पर वार कर दिया।चीख पुकार सुनकर गांव वालों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित युवक की दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।



