लोकजन सोशलिस्ट पार्टी की प्रदेश स्तरीय ऐतिहासिक रैली लखनऊ में संपन्न

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता

लखनऊ. प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को आयोजित लोकजन सोशलिस्ट पार्टी की प्रदेश स्तरीय ऐतिहासिक रैली संपन्न हो गई। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि लखनऊ की यह ऐतिहासिक भूमि गवाह है कि परिवर्तन की लहर उठ चुकी है। यह भीड़ नहीं, यह आजादी से लेकर आज जो वर्ग हमेशा वंचित और उपेक्षित रहा, हमारे इन लोंगो के हक-अधिकार के लिए यह क्रांति का सैलाब है। यह देश के मेहनतकश जनता की आवाज़ है, जो अब लखनऊ से लेकर दिल्ली की सत्ता तक अपना हक लेनें का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि लोंगो के अधिकार, समानता और न्याय की लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज का भारत वह नहीं है जिसका सपना हमारे पुरखों ने देखा था। आज देश में लोकतंत्र के नाम पर भय, असमानता और अन्याय का शासन है। अब तक की सरकारों ने विकास का झूठा सपना दिखाकर जनता को धोखा देनें का कार्य किया। किसान आज भी कर्ज में डूबा है, नौजवान रोजगार की तलाश में दर-दर भटक रहा है। एनसीआरबी की रिपोर्ट बताती है कि देश में दलितों और पिछड़ों पर सबसे अधिक अत्याचार हो रहे हैं।

हर दिन 80 से अधिक पिछड़े-दलित उत्पीड़न के मामले दर्ज होते हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं, नौकरियां बंद हैं और बेरोजगारी का ग्राफ आसमान छू रहा है। और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। आज तक की सरकारें धर्म और जाति के नाम पर समाज को तोड़ रही है जबकि खुद इनके पूंजीपति मित्रों की तिजोरियां भर रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज इस ऐतिहासिक जन सैलाब को साक्षी मानकर लोकजन सोशलिस्ट पार्टी यह घोषणा करती है कि हर परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी। यह कोई चुनावी जुमला नहीं, यह सामाजिक क्रांति का संकल्प है। पार्टी यह भी मानती है कि जब तक जातिगत जनगणना नहीं होगी, तब तक न्याय अधूरा रहेगा। हमारा नारा है जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी। हम यह जनगणना कराएँगे और आबादी के अनुपात में आरक्षण सुनिश्चित करेंगे। लोकजन सोशलिस्ट पार्टी सामाजिक न्याय, समता और विश्व बंधुत्व के लिए समर्पित है। हम दलितों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत हैं। हमारा लक्ष्य है- हर नागरिक तक शिक्षा, चिकित्सा, आवास और रोजगार के संवैधानिक अधिकार को पहुंचाना।

इस दौरान उन्होंने पार्टी के 22 सूत्रीय एजेंडा के बारे में भी बताया और कहा कि हमारी यह लोकजन सोशलिस्ट पार्टी तकनीक को प्रचार नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाएगी। हम सत्ता नहीं, संवेदना चाहते हैं। हमारी राजनीति का उद्देश्य कुर्सी नहीं, जनता का कल्याण है। हम जनता को केवल वोटर नहीं, निर्णयकर्ता बनाना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button