पति की प्रताड़ना से आजिज पत्नी ने पुलिस से मांगी सहायता

महराजगंज, रायबरेली। पति की प्रताड़ना से तंग पत्नी ने डायल 112 पर काल सहायता मांगी, आरोप है कि मौके पर पहुंचे हेल्पलाइन के सिपाही ने मदद करने की बजाय भुक्तभोगी महिला के बेटे को ही पीट दिया। मामले में भुक्तभोगी महिला ने सीओ व एसडीएम को शिकायती पत्र देते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
मामला शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कुशलगंज मजरे अलीपुर गांव का है। गांव निवासिनी आरती शुक्ला ने क्षेत्राधिकारी महराजगंज को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि मंगलवार को उसके पति अमित शुक्ला व देवर संदीप कुमार शुक्ला ने मारपीट कर उसे घर से भगा दिया।
भुक्तभोगी महिला ने पुलिस हेल्पलाइन डायल 112 पर फोन करके मदद मांगी। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे डायल 112 के आरक्षी रतन यादव ने उल्टे उसके पुत्र राज शुक्ला को ही भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए थप्पड़ों से पिटाई कर दी, जिससे उसका बेटा डरा व सहमा हुआ है। क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने भुक्तभोगी महिला को जांच कराकर कार्यवाही का आश्वासन दिलाया है।
————————————
बाइक की टक्कर से घायल दिव्यांग दम्पत्ति, इलाज के दौरान पत्नी की मौत
महराजगंज, रायबरेली। बाइक की टक्कर से घायल स्कूटी सवार दिव्यांग दंपत्ति में गंभीर घायल पत्नी की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं जिला अस्पताल में भर्ती गंभीर घायल पति की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई हैं।महिला की मौत के बाद उसके जेठ ने कोतवाली पुलिस को नामजद तहरीर देकर बाइक व बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली क्षेत्र के गोलहा मजरे जिहवा गांव निवासी राम फेर पुत्र भगौती ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका विकलांग भाई रामसहाय 35 वर्ष पुत्र भगौती ट्राई-स्कूटी से अपनी पत्नी सुमन 32 वर्ष को साथ लेकर मंगलवार की शाम करीब चार बजे महराजगंज बाजार जा रहे थे जैसे ही वह महराजगंज- बछरावां मार्ग पर रमपुरा गांव के पास पहुंचे सामने से आ रहे बाइक संख्या यूपी 33 बीजे 4441 के चालक कोतवाली क्षेत्र के हलोर गांव निवासी अंजनी शर्मा ने बाइक को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए उल्टी दिशा में आकर स्कूटी सवार उसके भाई व उसकी पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए।दुर्घटना में उसके भाई और उसकी पत्नी स्कूटी से बाहर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए
ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे उसने ग्रामीणों की मदद से घायल भाई और उसकी पत्नी को सीएचसी पहुंचाया।
जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल मे सुमन की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स रेफर किया गया।एम्स से लखनऊ ट्रामा सेन्टर ले जाते समय सुमन की हालत अत्यधिक गंभीर होने पर बछरावां में नजदीकी सुषमा नर्सिंग होम ले जाया गया।
जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल उसके भाई की हालत नाज़ुक है और जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि दुर्घटना में मृतक महिला के देवर की नामजद तहरीर के आधार पर बाइक व बाइक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।



