क्षेत्राधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न

ऊँचाहार, रायबरेली। कोतवाली परिसर में सीओ की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों से सहयोग की अपील की गई।
बुधवार को कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में सीओ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने लोगों से दीपावली त्योहार को सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।इसके अलावा ड्रोन सम्बन्धी अफवाहों को लेकर प्रधानों से गांवों में बनी सुरक्षा समिति के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की बात कही ।
सीओ ने सख्त लहजे में नशे का कारोबार व जुंए की फड़ सजाने वाले लोगों को सख्त चेतावनी दी कि अगर इन अपराधों में किसी की भी संलिप्तता पाई गई तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा ।बैठक में मौजूद लोगों से अपराधों पर रोक लगाने के लिए सहयोग की अपील की। नवागंतुक कोतवाल अजय कुमार राय ने जनप्रतिनिधियों से परिचय जाना और सामंजस्य स्थापित करने की बात कही।
इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण चन्द्र जायसवाल, बीजेपी मण्डल अध्यक्ष पवन सिंह, विनय शुक्ल बाबा, ग्राम प्रधान आनंद पांडेय, सुरेश पटेल, रामफेर पटेल, अजय कुमार गुप्ता, जगन्नाथ मौर्य, सभासद राज गुप्ता, जितेन्द्र सिंह, आकाश यादव, चंद्रिका वर्मा, शमशाद अहमद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
————————————
हरिओम वाल्मीक की हत्या के मामले में 15वाँ आरोपी भी गिरफ्तार
ऊँचाहार, रायबरेली। बीती एक अक्टूबर की रात क्षेत्र के ईश्वरदासपुर रेलवे हाल्ट के पास विक्षिप्त की चोर समझकर पीट पीट कर की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को 15 वें आरोपित को गिरफ्तार कर लिया । इससे पहले 14 लोगों को पुलिस जेल भेज चुकी है । इसमें अभी पुलिस को 6 लोगों की तलाश है ।
ज्ञात हो कि फतेहपुर जनपद निवासी विक्षिप्त हरिओम वाल्मीक की बीती एक अक्टूबर की रात चोर सबझकर बुरी तरह पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी । इस हत्याकांड को लेकर सरकार काफी सख्त है । जिसके बाद पुलिस के ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 14 लोगों को गिरफ्तार किया था । इस मामले में बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र के गांव पूरे बनियन मजरे पचखरा निवासी अजय कुमार अग्रहरि को गिरफ्तार किया है ।
इसके साथ गिरफ्तार हुए लोगों की संख्या 15 हो गई है । बताया जाता है कि इस घटना के वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने चिह्नित करके 6 अन्य लोगों की तलाश अभी कर रही है । यही नहीं पुलिस घटना में शामिल सभी के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी कर रही है ।
——————————————
जिले की प्रथम नागरिक ने पुलिस और राजस्व विभाग पर लगाया भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप
ऊँचाहार, रायबरेली। जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने पुलिस और राजस्व विभाग पर भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाकर जिला प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। उन्होंने फेसबुक पर दो पोस्ट डालकर पुलिस के एसओजी और ऊंचाहार तहसील प्रशासन पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया है। भाजपा के जनप्रतिनिधि द्वारा अपनी ही सरकार के प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है।
ऊंचाहार के बिकई गांव निवासिनी जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी ने मंगलवार की शाम को फेसबुक पर एक पोस्ट डाली । जिसमें उन्होंने लिखा कि रायबरेली मान्यता प्राप्त लुटेरों की गैंग बन चुकी एसओजी टीम ऊंचाहार में किया भारी लुट। उनकी यह पोस्ट हाल ही में एसओजी द्वारा क्षेत्र के कोटरा बहादुर गंज गांव निवासी को गांजा की भारी खेप के साथ गिरफ्तारी को लेकर थी। जिसमें बताया जाता है कि कथित तौर पर उससे रुपए भी लिए गए और उसको गांजा में चालान भी कर दिया गया ।
इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने दूसरी पोस्ट तहसील प्रशासन को लेकर फेसबुक पर डाली है। जिसमें उन्होंने लिखा है कि तहसील ऊंचाहार मेरी शस्त्र लाइसेंस की फाइल दो माह से रोक रखे हैं अधिकारी , पैसे की कर रहे मांग , जबकि लेखपाल , कानून गो ने रिपोर्ट लगा दी है , मेरा ये हाल है तो जनता का क्या होगा ।
उनकी इन दोनों पोस्ट ने पूरे जिले में तहलका मचा दिया है । उन्होंने भ्रष्टाचार को लेकर खुद का हाल लिखा और पुलिस की कथित लूट पर प्रहार किया , उससे प्रशासनिक अमले में सनसनी फैल गई है । उधर एसडीएम राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष का शस्त्र लाइसेंस की फाइल के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है , पता लगवाकर उसमें नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी ।
जिला पंचायत अध्यक्ष के आरोपों की जांच करेंगे एएसपी
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजना चौधरी द्वारा पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस के मीडिया सेल में सोशल मीडिया के फेसबुक पर अपनी बात रखी है । जिला पंचायत अध्यक्ष के फेसबुक पर पुलिस मीडिया सेल द्वारा बताया गया है कि पुलिस ने तीन गांजा तस्करों को आठ किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है । जिला पंचायत के आरोपों की जांच अपर पुलिस अधीक्षक कर रहे हैं । जांच के बाद इसमें कार्रवाई की जाएगी ।



