सीडीओ ने प्रधान,सचिवों संग की बैठक
लंबित विकास कार्य जल्द पूर्ण करने के दिये निर्देश

जसवंतनगर,इटावा। विकास खण्ड सभागार में ग्राम पंचायतों के विभिन्न ग्राम प्रधानों एवं सचिवों के साथ सीडीओ अजय गौतम ने ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास एवं ग्रामों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे ने की। ग्राम प्रधानों द्वारा ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी,चिल्ड्रिन पार्क, ओपन जिम तथा खेल मैदानों का निर्माण कराये जाने हेतु अपेक्षा व्यक्त की गयी।सीडीओ ने खण्ड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित ग्राम पंचायतों में भूमि की उपलब्धता के संबंध में उपजिलाधिकारी से संपर्क स्थापित करते हुए नियमानुसार प्रस्ताव की कार्यवाही पूर्ण कर निर्माण कार्य सुनिश्चित करायें।साथ ही निर्देश दिये गये कि आवास सत्यापन शीघ्र पूर्ण किया जाये,गौशालाओं में रोपित वृक्षों की देखरेख की जाये,तथा ट्री-गार्ड उचित ऊँचाई से निर्मित कराये जायें ताकि गोवंश वृक्षों को क्षति न पहुँचा सके।
प्रत्येक गौशाला में हरा चारा, चारा काटने की मशीन,कैमरा व्यवस्था,ई-रिक्शा द्वारा चारा ढोने की सुविधा तथा कैशबुक में आय-व्यय विवरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।मनरेगा से सड़कों की झाड़ियों की कटान कराई जाये तथा निर्माणाधीन खेल मैदान, लाइब्रेरी एवं पार्क का निर्माण एक माह के भीतर पूर्ण कराया जाये।
महापुरुषों की प्रतिमाओं के चारों ओर तारबाड़ करायी जाये तथा जहाँ लाइब्रेरी संचालित हैं वहाँ पुस्तक दान अभियान चलाया जाये और सभी लाइब्रेरियों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जायें।सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम मजरे के नाम सहित बोर्ड स्थापित कराये जायें।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत श्बाबू सिंह को निर्देशित किया गया कि जिन ग्राम पंचायतों में आर.आर.सी.बर्मा कम्पोस्ट यूनिट्स निर्मित हैं,उनका नियमित निरीक्षण करते हुए संचालन सुनिश्चित करायें तथा पंचायत भवनों पर आय-व्यय का विवरण चस्पा कराना अनिवार्य किया जाये। यह भी निर्देशित किया गया कि जहाँ कोटेदार का चयन नहीं हुआ है,वहाँ कोटेदार चयन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाये।
विद्यालयों में चिल्ड्रिन पार्क के झूलों की मरम्मत,तथा राज्यवित्त,केन्द्र वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से लम्बित भुगतान एवं अधूरे कार्यों का समापन कर भुगतान की कार्यवाही पंचायत गेटवे पोर्टल से ही पूर्ण की जाये।समस्त पेंशन आवेदनों का सत्यापन एवं एप्रूवल शीघ्र पूर्ण किया जाये तथा ऑपरेशन कायाकल्प के अधीन यदि कोई कार्य शेष है तो उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाये। सरकारी भवनों तक मुख्य मार्ग से पक्का रास्ता एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
चयनित हाट-बाजारों का निर्माण कार्य पूर्ण कर संचालित किया जाये। बैठक में बाल सेवा योजना,कन्या सुमंगला योजना,आयुष्मान भारत कार्ड,सहभागिता योजना, फैमिली आईडी एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।



