फुटपाथ दुकानदारों के हटवाये गये फड़

इटावा। जनपद में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो स्वदेशी मेला 2025 की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं, लेकिन मेले से पहले ही प्रशासनिक कार्रवाई से फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले गरीब दुकानदारों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। राजकीय इंटर कॉलेज खेल मैदान पर 9 से 18 अक्टूबर तक लगने वाले इस मेले को लेकर प्रशासन ने मैदान के बाहर फुटपाथ पर बैठे करीब दो दर्जन दुकानदारों को हटवा दिया है।

प्रशासन का कहना है कि यहां मेले के लिए एक सप्ताह के लिए अस्थाई दुकानें स्थापित की जानी हैं, इसलिए जगह खाली कराई गई है। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सदर राजकुमार, नगर पालिका के आरआई, ट्रैफिक पुलिस और क्षेत्रीय पुलिस बल मौजूद रहा। फुटपाथ पर लगे फंडों को हटवाकर मैदान के बाहर दुकानें लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

दुकानदारों का कहना है कि दीपावली जैसे त्यौहार के समय उन्हें अपने रोजगार से वंचित कर दिया गया है। अगर उन्हें अतिक्रमणकारी बताया जा रहा है, तो फिर प्रशासन उन्हीं स्थानों पर मेले की दुकानें कैसे लगवा रहा है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मेले के नाम पर प्रशासन उनकी रोजी-रोटी छीन रहा है, जिससे उनके परिवार त्योहार से पहले परेशानियों में पड़ गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शास्त्री चौराहा से लेकर बस स्टैंड चौराहा तक रोज जाम और अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती है, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं होती। जबकि, मेला लगने के नाम पर प्रशासन ने अचानक छोटे व्यापारियों पर कार्रवाई कर दी।

स्वदेशी मेला 2025 का आयोजन सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया जा रहा है।

इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों और कारीगरों को प्रोत्साहन देना है। इस संबंध में उद्योग विभाग के उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि यह मेला “लोकल टू वोकल” अभियान के तहत दीपावली से पहले छोटे उद्योगों को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी की वैध दुकान नहीं हटाई गई है, बल्कि अतिक्रमण को हटाया गया है। मेले की कुछ दुकानें मैदान के अंदर और कुछ बाहर लगाई जाएंगी ताकि आगंतुकों की सुविधा बनी रहे। अब देखना यह होगा कि स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाला यह मेला स्थानीय रोजगार को रोशन करेगा या छोटे व्यापारियों की दीपावली फीकी कर देगा।

Related Articles

Back to top button