रबी गोष्ठी-तिलहन मेला में किसानों की उमड़ी भीड़

डीएम,सदर विधायक ने गोष्ठी का शुभारंभ कर किसानों से किया संवाद

इटावा। विकास भवन परिसर में बुधवार को रबी फसल उत्पादकता गोष्ठी एवं तिलहन मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और भाजपा सदर विधायक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर बड़ी संख्या में जिले के किसान उपस्थित रहे। मेले में कृषि विभाग की ओर से तिलहन, दलहन, आलू उत्पादन, जैविक खाद,आधुनिक कृषि यंत्रों और सरकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे,जिन पर किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही,विकास भवन के सभागार में आयोजित उत्पादकता गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञों ने रबी सीजन में अधिक उपज प्राप्त करने के उपाय साझा किए।

जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे नई तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाकर फसल उत्पादन में सुधार करें और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लें।

कृषि उपनिदेशक आर.एन. सिंह ने बताया कि इस अवसर पर तिलहन मेले के साथ-साथ आलू उत्पादकता गोष्ठी भी आयोजित की गई है।

उन्होंने कहा कि पराली प्रबंधन को लेकर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। अब पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई और बढ़ा हुआ जुर्माना तय किया गया है, इसलिए किसान प्रदूषण फैलाने वाले कार्यों से बचें और वैकल्पिक उपायों को अपनाएं।

गोष्ठी में जिले भर से आए एक हजार से अधिक महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया और कृषि से जुड़ी नवीन तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में तिलहन मेला और आलू उत्पादकता गोष्ठी दोनों आयोजित की गई हैं। साथ ही पराली प्रबंधन पर किसानों को जागरूक किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि किसान उन्नत तकनीक के माध्यम से अधिक उत्पादन करें और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button