ग्रामीणों ने पोखरे पर रेलिंग लगाने की उठाई मांग
ग्राम प्रधान इरशाद अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में हुआ जोरदार प्रदर्शन

स्टार एक्सप्रेस संवाददाता
संतकबीरनगर. ग्राम पंचायत बजहरा में पोखरे के चारों ओर रेलिंग लगाने की मांग को लेकर आज ग्रामीणों ने एक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन ग्राम प्रधान श्री इरशाद अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, बुजुर्ग, युवा और बच्चे शामिल हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि पोखरे के किनारे रेलिंग न होने के कारण अक्सर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। बरसात के मौसम में पानी बढ़ जाने से यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
ग्राम प्रधान इरशाद अहमद सिद्दीकी ने कहा कि यह ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। हम शासन-प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द पोखरे के चारों ओर मजबूत रेलिंग लगवाई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अनहोनी से बचा जा सके।
ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रशासन से अपील की कि जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। धरने के दौरान लोगों ने नारे लगाए। “रेलिंग लगाओ जनसुरक्षा बचाओ!” इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और सबने एक साथ हाथ उठाकर अपनी मांग रखी।


