दबंगों द्वारा घर में घुसकर प्रधान के बेटे को मारपीट कर घायल करने का आरोप

महराजगंज, रायबरेली। दबंगों द्वारा महिला ग्राम प्रधान के घर घर में घुसकर प्रधान के बेटे को मारपीट कर घायल करने का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम प्रधान ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।

घटना महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सलेथू गांव की है। गांव निवासी ग्राम प्रधान सुनीता साहू पत्नी स्व जय प्रकाश साहू ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के जयप्रकाश पांडे, सतीश व सुधीर बुधवार की सुबह घर आकर गाली गलौज करने लगे व उसके बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया।

ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख जान से मारने की धमकी दी। भुक्तभोगी ग्राम प्रधान का आरोप है कि आरोपियों द्वारा उनके बेटे व देवर को पूर्व में भी रास्ते में घेरकर गाली गलौज करते हुए धमकी दी गई है।भुक्तभोगी महिला ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस मामले में छानबीन शुरू कर दी है। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद पुलिस घटना की जांच कर रही है।


वायरिंग करते समय करंट लगने से युवक की मौत

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे बरियार सिंह, मजरे ज्यौना गांव में बिजली वायरिंग करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर का इकलौता चिराग बुझने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है युवक की असमय मौत से गांव में मातम छाया हुआ है।

चंदापुर थाना क्षेत्र के कुम्हरन का पुरवा, मजरे कुशमहुरा गांव निवासी घनश्याम मौर्य 30 वर्ष पुत्र राम अवतार बिजली की वायरिंग का काम करते हैं। गुरुवार को घनश्याम मौर्य पूरे बरियार सिंह मजरे ज्यौना गांव निवासी माता बदल के यहां बिजली की वायरिंग कर रहे थे।इसी दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने के बाद वह गिरकर अचेत हो गये। अचेतावस्था में उन्हें तत्काल सीएससी महाराजगंज ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घनश्याम मौर्य की शादी लगभग दो वर्ष पहले हुई थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे और उनकी तीन बहनें हैं। परिवार की भरण पोषण की जिम्मेदारी घनश्याम पर ही थी।

Related Articles

Back to top button