नवरात्रि के आठवें दिन ब्रह्माणी मंदिर में उमड़ी आस्था

झंडों की लगी लंबी कतार, बारिश में भी नहीं डगमगाई श्रद्धा

जसवंतनगर,इटावा। शारदीय नवरात्रि के आठवें दिन कस्बे के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ ब्रह्माणी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी। परंपरा के अनुसार सुबह से देर रात तक भक्तजन मां को झंडा अर्पित करते रहे। मंदिर परिसर से लेकर मुख्य द्वार तक रंग-बिरंगे झंडों की लंबी कतारें श्रद्धालुओं की आस्था का जीवंत प्रमाण बन गईं।

मंदिर के पुजारी भुवनेश के मुताबिक इस बार झंडों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में थोड़ी कम रही, लेकिन भक्तों की भीड़ किसी तरह की कमी नहीं दिखा रही थी। सुबह से ही दर्शन के लिए लंबी लाइनें लगी रहीं। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर परिसर में लगे प्रसाद और धार्मिक सामग्री के स्टॉल ने मेले जैसा दृश्य बना दिया।

स्थानीय बुजुर्गों डिप्टी सिंह, कन्हैया लाल, कोमल सिंह और सत्यराम का कहना है कि माता को झंडा अर्पित करने की परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है। मान्यता है कि ब्रह्माणी माता के दरबार में झंडा चढ़ाने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

बारिश में भी नहीं डगमगाई श्रद्धा

नवरात्रि के आठवें दिन रुक-रुक कर हुई भारी बारिश ने भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं किया। बरसात में भी लोग मध्यप्रदेश, राजस्थान, दिल्ली समेत दर्जनभर जिलों से दर्शन के लिए पहुंचे। सिर पर झंडा और हाथों में प्रसाद लिए भक्त लगातार मंदिर की ओर बढ़ते नजर आए।ब्रह्माणी देवी मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यहां की परंपराएं क्षेत्रीय संस्कृति की धरोहर भी हैं। नवरात्रि के दिनों में यहां का दृश्य अनोखा होता है, जब हर ओर “जय माता दी” के जयकारे गूंजते हैं और पूरा क्षेत्र मां की भक्ति में रंग जाता है।

Related Articles

Back to top button