दो दिन से गलियों में पड़ी गंदगी
नालियों में दुर्गंधयुक्त बिजबिजाती कीचड़ बना मुसीबत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के पड़रपुरा गांव में सफाई व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। आरोप है कि नालियों की सफाई के बाद निकाली गई गंदगी पिछले दो दिनों से गली में ही पड़ी हुई है, जिससे आसपास तेज दुर्गंध फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार को गांव में तैनात सफाई कर्मचारी धर्मवीर ने नालियों की सफाई कर कचरा गली में डाल दिया और अगले दिन उठाने की बात कहकर चला गया। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी गंदगी नहीं हटाई गई। हालत यह है कि गली से निकलना दूभर हो गया है और बच्चे व बुजुर्ग विशेष रूप से परेशान हैं।
ग्रामीण रवि यदुवंशी, मनोज यादव,विकास यादव,अजय सिंह,मुकेश और सौरभ कुमार ने बताया कि यह समस्या पहली बार नहीं है। अक्सर नालियों की सफाई के बाद कचरा बाहर छोड़ दिया जाता है,जो बाद में दोबारा नालियों में चला जाता है। इससे सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित रह जाती है।
ग्रामीणों ने पंचायत सचिव और प्रधान की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि नियमित स्थलीय निरीक्षण और सख्ती होती,तो गली में दो दिन तक गंदगी का ढेर नहीं लगा रहता।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



