फर्जी ‘VNS क्रिप्टो कॉइन’ स्कीम से 5,000 करोड़ का महाघोटाला, 6 अक्टूबर को थाईलैंड में नए जाल की साजिश

नई दिल्ली। क्रिप्टोकरेंसी की आड़ में देशभर में फैले धोखाधड़ी नेटवर्क ने एक और बड़ा घोटाला कर डाला है। ‘VNS क्रिप्टो कॉइन’ नामक फर्जी स्कीम ने छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों तक फैलकर करीब 5,000 करोड़ रुपये का महाघोटाला किया है। अब स्कैमर्स 6 अक्टूबर 2025 को थाईलैंड में एक “विशेष इवेंट” के बहाने 500 से ज्यादा लोगों को लुभाने की योजना बना रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के पास रहने वाले पीड़ित निवेशक विजय (नाम परिवर्तित) ने मीडिया से अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि झारखंड के रहने वाले विक्रम सिंह और मुकेश कुमार इस स्कैम के मुख्य आरोपी हैं, जिन्होंने MLM और क्रिप्टो निवेश का झांसा देकर हजारों लोगों से अरबों रुपये ऐंठ लिए। विजय के मुताबिक, “शुरुआत में छोटे रिटर्न देकर भरोसा जीता गया, फिर 45 दिनों में दोगुना रिटर्न का वादा कर बड़े निवेश उगाहे गए। हमने परिवार और दोस्तों के साथ 25 लाख रुपये लगाए, लेकिन कंपनी ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया।”

विजय ने बताया कि स्कैमर्स अब विदेश यात्रा और पर्यटन का लालच देकर नए निवेशकों को फंसाने की फिराक में हैं।

थाईलैंड इवेंट इसी योजना का हिस्सा है।

उन्होंने मीडिया और सरकार से अपील की कि समय रहते इस गिरोह की साजिश को उजागर किया जाए, ताकि और लोग बर्बाद न हों।

यह घोटाला झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर तक अपनी जड़ें फैला चुका है। हाल ही में राजस्थान के अलवर में गैंग के पांच सदस्य गिरफ्तार हुए, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं। गृह मंत्रालय ने झारखंड सरकार को जांच के आदेश दिए हैं और I4C (इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर) मामले की निगरानी कर रहा है।

साइबर क्राइम के ताजा आंकड़े चिंता बढ़ाते हैं—2024 के पहले छह महीनों में ही 11,000 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया, यानी प्रतिदिन औसतन 60 करोड़ की ठगी। वहीं, 2023 में 7,465 करोड़ की तुलना में 2024 में यह आंकड़ा 22,845 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

Related Articles

Back to top button