एकेडमी के 44 छात्रों को मिला रोजगार
चौ.सुघरसिंह एजुकेशनल के छात्रों को प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ चयन

जसवंतनगर,इटावा। स्वायत्तशासी संस्थान के रूप में संचालित चौ.सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी के 44 स्टूडेंट्स का देश की जानी मानी कंपनियों में चयन होकर रोजगार मिला।
एकेडमी में आयोजित जॉब प्लेसमेंट के इंटरव्यू में विद्यार्थियों ने फिर से एक बार जोरदार सफलता अर्जित करते हुए चौ.सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी के गौरव को बढ़ाया है। चौ. सुघर सिंह महाविद्यालय के अन्य अध्ययनरत विद्यार्थियों में भी इससे अपने भविष्य के प्रति विश्वास जाग्रत हुआ है।उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी इस संस्था के 60 से ज्यादा विद्यार्थियों को कैंपस सिलेक्शन के जरिये प्लेसमेंट मिला था।
इस बार “सहज मिल्क फैसिलिटेटर्स लिमिटेड,आगरा” कंपनी में 19 छात्र केमिस्ट तथा 20 छात्र मिल्क सुपरवाइजर के पदों पर चयनित हुए हैं। इसके अलावा पुणे की सुपर थर्मो सेंसर्स प्रा.लि.कंपनी में 5 अन्य छात्रों को नौकरी हासिल हुई है। चौ.सुघर सिंह एजुकेशनल एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज मोंटी यादव ने सभी चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत,शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और महाविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि चयनित छात्र अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। संस्था निदेशक संदीप पाण्डेय तथा प्राचार्य व प्रबंधन कमेटी के सदस्य अशांक हनी यादव ने संयुक्त रूप से बताया कि आगे भी महाविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान करने में निरंतर सक्षमता पूर्ण प्रयास करता रहेगा।



