होंडा की बाइक्स और स्कूटर्स हुए सस्ते, जानें किस मॉडल पर कितनी कटौती मिली
होंडा स्कूटर और बाइक खरीदना अब हुआ सस्ता, देखिए मॉडल वाइज छूट की लिस्ट

Honda Prices Reduced: देशभर के दोपहिया वाहन खरीदारों के लिए एक अच्छी खबर है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने अपने कई पॉपुलर मॉडल्स की कीमतों में भारी कटौती की घोषणा की है। ये फैसला नई जीएसटी दरों के लागू होने के बाद लिया गया है इससे ग्राहक को सीधा लाभ मिलेगा।
जीएसटी बदलाव से घटे दाम (Honda Bike Prices Reduced)
सरकार द्वारा 350 सीसी से कम क्षमता वाले दोपहिया वाहनों पर जीएसटी दर 28% से घटाकर 18% कर दी गई है। इसका फायदा उठाते हुए होंडा ने अपने लगभग पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में कटौती (Honda Prices Reduced) कर दी है। हालांकि, 350 सीसी से ऊपर की प्रीमियम बाइक्स फिलहाल इस कटौती में शामिल नहीं हैं।
आम जनता के लिए किफायती विकल्प
इस बदलाव से खासतौर पर मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलेगी, जो किफायती और भरोसेमंद स्कूटर या बाइक खरीदने की सोच रहे हैं। होंडा एक्टिवा, शाइन, यूनिकॉर्न और हॉर्नेट जैसे लोकप्रिय मॉडल अब पहले से सस्ते हो गए हैं, जिससे ग्राहकों की जेब पर बोझ कम होगा।
ये भी पढ़ें- AirPods Pro 3 Launch India: कीमत ज्यादा लेकिन ये खूबी आपको बना देगी दिवाना
प्रीमियम बाइक्स पर टैक्स बढ़ा
जहां एक ओर 350 सीसी से कम बाइक्स सस्ती हुई हैं, वहीं अधिक पावर वाली बाइक्स पर टैक्स दर 31% से बढ़ाकर 40% कर दी गई है। होंडा की बड़ी बाइक्स जैसे CB350 सीरीज़ पर अभी नई कीमतों का खुलासा नहीं किया गया है।
मॉडल के अनुसार कितना हुआ सस्ता (Honda Bike Prices)
होंडा ने विभिन्न मॉडल्स पर जीएसटी में कटौती के चलते कीमतों में भारी राहत दी है। होंडा एक्टिवा 110 (honda activa after gst cut) पर अधिकतम ₹7,874 तक की छूट दी गई है, वही डियो 110 की कीमत ₹7,157 तक कम हुई है। एक्टिवा 125 को खरीदने पर ग्राहकों को ₹8,259 तक का लाभ मिल सकता है, वहीं डियो 125 की कीमत ₹8,042 तक घटी है।
शाइन 100 पर ₹5,672 और इसके DX वेरिएंट पर ₹6,256 तक की कटौती की गई है। लिवो 110 को अब ₹7,165 तक सस्ती कीमत में खरीदा जा सकता है। शाइन 125 पर ₹7,443 और SP125 पर ₹8,447 तक का लाभ मिल रहा है।
स्पोर्टी डिज़ाइन के साथ आने वाली CB125 हॉर्नेट की कीमत में ₹9,229 तक की कमी आई है। वहीं, यूनिकॉर्न पर ₹9,948 और SP160 पर ₹10,635 तक की राहत दी गई है।
ज्यादा पावरफुल सेगमेंट में हॉर्नेट 2.0 की कीमत ₹13,026 तक कम हुई है और NX200 अब ₹13,978 तक सस्ती हो गई है।
प्रीमियम रेंज की बात करें तो H’ness CB350 पर ₹18,598, CB350RS पर ₹18,857 और CB350 पर सबसे अधिक ₹18,887 तक की कटौती की गई है। ये छूट नई जीएसटी दरों के बाद लागू की गई है, जिससे ग्राहक अब पहले से कम कीमत में ये मॉडल्स खरीद सकते हैं।



