एटीएम बदलकर 37 हजार रूपए निकाले, पीड़िता ने थाने में की शिकायत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 37 हजार रुपये निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने अज्ञात युवक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नगलापुल छिमारा रोड थाना वैदपुरा निवासी नैंसी पुत्री सत्यभान 23 फरवरी को बैंक के एटीएम से 1 हजार 500 रुपये निकालने गई थीं। आरोप है कि एटीएम कक्ष में पहले से मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया। इसी दौरान उसने चुपके से उनका कार्ड बदलकर किसी अन्य व्यक्ति का कार्ड मशीन में लगाकर वापस कर दिया। उस समय नैंसी को इस बात का आभास नहीं हो सका।

घर पहुंचने के कुछ देर बाद मोबाइल पर खाते से रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। इसी बीच उनके पिता का भी फोन आया। खाते की जांच करने पर पता चला कि एटीएम के माध्यम से 37 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। घटना की जानकारी होते ही पीड़िता के होश उड़ गए और वह परिजनों के साथ थाने पहुंची।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button