डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाया गया

सुल्तानपुर। अंबेडकर पार्क में विश्व रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का 135वां जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी उदय प्रताप ने शिरकत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि बाबा साहब मात्र भारतीय नेता नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व के लिए ज्ञान के अप्रतिम प्रतीक हैं और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग व विचारों को आत्मसात करने वाला व्यक्ति निश्चित ही सफलता के आसमान को छू सकता है। इस अवसर पर डॉ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. पारसनाथ ने बाबा साहब के क्रांतिकारी विचारों और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला, वहीं सब इंस्पेक्टर हरिश्चंद्र ने आम नागरिकों को भारतीय संविधान में प्रदत्त उनके मौलिक अधिकारों एवं संवैधानिक व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक किया।

समाजिक सरोकारों और जनसेवा को समर्पित इस भव्य आयोजन में सावित्री हॉस्पिटल के प्रमुख डॉ. जे. एल. भारती द्वारा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया और आगंतुकों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई, जबकि शुभांगी हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. राजेश गौतम द्वारा अप्रैल माह में आयोजित होने वाले निशुल्क ऑपरेशन शिविर हेतु मरीजों का पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम की आध्यात्मिक महत्ता को बढ़ाते हुए जिला कार्यअध्यक्ष शिवनाथ बौद्ध द्वारा उपस्थित जनसमूह को बुद्ध धम्म के अनुसार त्रिशरण, पंचशील का संकल्प कराया गया। जयंती के इस उपलक्ष्य में सुल्तानपुर जनपद के विभिन्न अंचलों से 200 से अधिक भव्य शोभा यात्राएं व जयंतियां गाजे-बाजे के साथ निकलीं, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचीं, जिससे पूरा नगर ‘जय भीम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।

अंबेडकर कल्याण समिति और ‘दी बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गौरवशाली कार्यक्रम में संगठन के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम और धर्मराज बौद्ध की देखरेख में हजारों की संख्या में जनसैलाब उमड़ा। इस ऐतिहासिक अवसर पर एडवोकेट कर्मेंद्र गौतम, विजय गौतम, डॉ. जयभीम, डॉ. सुरेश कुमार, रामफेर राव, हौसला भीम, एड. रामकृपाल, श्याम बहादुर बौद्ध, दयाराम बौद्ध, रामसेवक, धर्मराज बौद्ध, गया प्रसाद, डॉ. सुभाष, डॉ. राजकरन, आकांक्षा बौद्ध, राम मूरत, राधेश्याम बौद्ध, मुरारी कोरी, मेवालाल भारती, धीरेंद्र राव, सीताराम भीम, संतराम कनौजिया और कमलेश कुमार सहित जनपद के तमाम गणमान्य व्यक्ति, प्रबुद्ध वर्ग और भारी संख्या में अनुयायी उपस्थित रहे, जिन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावांजलि दी।

Related Articles

Back to top button