यूपीयूएमएस को मानसिक स्वास्थ्य-छात्र कल्याण की मिली जिम्मेदारी

शासन ने गठित टास्क फोर्स का यूपीयूएमएस सैफई को बनाया संयोजक

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश यूपीयूएमएस सैफई को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण की स्थिति के आकलन और प्रभावी सुधारात्मक उपायों हेतु गठित राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का संयोजक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डॉ.) अजय सिंह को नामित किया गया है।

इस टास्क फोर्स में प्रदेश के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जिनमें छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय,कानपुर, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय, वाराणसी,वीर बहादुर सिंह विश्वविद्यालय, जौनपुर,डॉ.राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय,अयोध्या सहित अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हैं।

इस पहल के अंतर्गत काउंसलिंग सेंटर, मेंटर-मेंटी योजना,हैप्पी थिंकिंग लैब,वेलनेस एवं म्यूजिक थेरेपी सेंटर तथा एआई आधारित परीक्षण जैसी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्हें और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह पहल एम्स नई दिल्ली की ‘नेवर अलोन पहल से प्रेरित है।

कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उत्तर प्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं समग्र कल्याण गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अभिन्न अंग है। विश्वविद्यालय परिसरों को ऐसा सकारात्मक और सहयोगात्मक वातावरण प्रदान करना आवश्यक है,जहां विद्यार्थी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं साझा कर सकें और उन्हें समय पर उचित सहायता मिल सके।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित विश्वविद्यालयों के सामूहिक प्रयासों एवं अनुभवों के आधार पर ऐसी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी,जो प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगी।

यह जिम्मेदारी यूपीयूएमएस सैफई के लिए गौरव का विषय होने के साथ-साथ विद्यार्थी कल्याण एवं मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर भी है।

Related Articles

Back to top button